
कांगड़ा/पालमपुर: हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले में पुलिस टीम पर हमले का गंभीर मामला सामने आया है। इंदौरा न्यायालय की ओर से उद्घोषित अपराधी को पकड़ने पहुंची पुलिस टीम पर आरोपी ने कार चढ़ाने का प्रयास किया। इस घटना में एक आरक्षी कार की चपेट में आकर घायल हो गया। अपनी जान बचाने के लिए पुलिसकर्मी ने आरोपी की कार के टायरों पर तीन गोलियां चलाईं, लेकिन इसके बावजूद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिसकर्मियों ने घायल होने के बावजूद हार नहीं मानी और करीब 5 से 6 किलोमीटर तक पीछा कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
खलेट में कार के अंदर मिला उद्घोषित अपराधी
जानकारी के अनुसार, घटना 17 नवंबर को खलेट सीनियर सेकेंडरी स्कूल के पास हुई। पुलिस जिला नूरपुर के पीओ सेल में तैनात आरक्षी विशाल राणा और सहायक उप निरीक्षक संतोष कुमार इंदौरा न्यायालय की ओर से उद्घोषित अपराधी घोषित किए गए मजू निवासी रोड़ी, डाकघर ठाकुरद्वारा, तहसील पालमपुर की तलाश कर रहे थे।
पुलिस टीम को मंगलवार को खलेट में आरोपी मजू एक कार के अंदर सोया हुआ मिला। जैसे ही पुलिस कर्मचारियों ने अपनी पहचान बताकर उसे पकड़ने का प्रयास किया, आरोपी ने मौके से भागने की कोशिश की।
पुलिसकर्मी पर चढ़ाई कार, पैरों के ऊपर से निकला टायर
आरोपी ने भागने के दौरान आरक्षी विशाल राणा पर कार चढ़ाने का प्रयास किया। कार की टक्कर से विशाल राणा जमीन पर गिर गए और गाड़ी का अगला टायर उनके पैरों के ऊपर से निकल गया। इस दौरान पुलिसकर्मी घायल हो गए।
अपनी जान बचाने के लिए आरक्षी विशाल राणा ने अपनी पिस्तौल से आरोपी की कार के टायरों पर तीन गोलियां चलाईं। गोलियां लगने के बावजूद आरोपी कार लेकर मौके से फरार होने में कामयाब रहा।
घायल हालत में भी किया पीछा, 6 किलोमीटर बाद पकड़ा
घायल होने के बावजूद आरक्षी विशाल राणा और एएसआई संतोष कुमार ने हिम्मत नहीं हारी। दोनों पुलिसकर्मियों ने अपनी निजी गाड़ी से आरोपी का पीछा शुरू कर दिया। करीब पांच से छह किलोमीटर तक पीछा करने के बाद सिद्धपुर श्मशान घाट के पास एक मोड़ पर आरोपी को काबू कर लिया गया।
मौके पर आरोपी की कार के दोनों टायर पंक्चर मिले। इस घटना में आरक्षी विशाल राणा और एएसआई संतोष कुमार के हाथों और पैरों में चोटें आई हैं।
आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज
पुलिस कर्मियों की शिकायत पर पालमपुर पुलिस थाने में आरोपी मजू के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 132 और 121(1) के तहत एफआईआर संख्या 157/26 दर्ज की गई है।
बताया गया है कि इंदौरा न्यायालय ने आरोपी को 3 दिसंबर 2024 को उद्घोषित अपराधी घोषित किया था। उसके खिलाफ भारतीय दंड संहिता और मोटर वाहन अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत पहले से भी मामले दर्ज हैं।
इस घटना ने एक बार फिर पुलिसकर्मियों की ड्यूटी के दौरान सामने आने वाले जोखिमों को उजागर किया है।
