
फतेहपुर (कांगड़ा)। बड़सर के विधायक इंद्रदत्त लखनपाल ने फिन्ना सिंह मध्यम सिंचाई परियोजना के 293.78 करोड़ रुपये के टेंडर में गड़बड़ी का आरोप लगाया है। उन्होंने जल शक्ति विभाग (जेएसवी) को लीगल नोटिस भेजा है। उन्होंने आरोप लगाया कि पात्रता मानदंडों में छेड़छाड़ कर ऐसी फर्म को ठेका देने की कोशिश हो रही है, जिसके पास ग्रेविटी डैम निर्माण का कोई अनुभव नहीं है।
प्रेस को जारी बयान में लखनपाल ने दावा किया कि यह केंद्र सरकार की 90:10 के अनुपात में वित्त पोषित परियोजना है, जिसमें 53 करोड़ रुपये की पहली किस्त जारी हो चुकी है। बावजूद इसके राज्य सरकार भ्रष्टाचार का रास्ता तलाश रही है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि अधिकारियों ने जानबूझकर निविदा प्रक्रिया को प्रभावित करने की कोशिश की है, जिससे पारदर्शिता पर सवाल उठते हैं। विधायक ने मांग की कि मामले की उच्च स्तरीय जांच हो और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।
बता दें कि पहले इस मामले को पूर्व मंत्री राकेश पठानिया ने सवाल उठाया था। उन्होंने कहा था कि यह मेरा ड्रीम प्रोजेक्ट था। पूर्व में रही सरकार के समय में इसको प्रोजेक्ट को लाया था। उन्होंने कहा था कि इस प्रोजेक्ट में धांधली हुई है। वहीं, पूर्व मंत्री बिक्रम ठाकुर ने भी आरोप लगाया था कि टेंडर प्रक्रिया में हेराफेरी, पक्षपात और करोड़ों रुपये के गबन की कोशिश की जा रही है।
उधर, जल शक्ति विभाग की इंजीनियर-इन-चीफ अंजू व्यास ने कहा कि विभाग को लीगल नोटिस प्राप्त हो गया है। इसका जवाब समय पर दिया जाएगा।
