गगरेट (ऊना)। पड़ोसी राज्यों से आने वाले बिगड़ैल पर्यटक देवभूमि हिमाचल में कानून की उल्लंघना कर माहौल को खराब कर रहें हैं। कभी तलवार लहरा कर तो कभी अन्य हथियार साथ रखना अपनी शान समझते हैं। पिछले दिनों भी जिला ऊना के पीरनिगाह से एक व्यक्ति के पास से देसी कट्टा बरामद हुआ था। वहीं गगरेट के आशा देवी मार्ग पर दुर्घटनाग्रस्त हुई पंजाब नंबर स्कार्पियो गाड़ी में लाइसेंसी पिस्टल बरामद हुआ है जिसे वह पंजाब राज्य से बाहर नहीं ले जा सकता था। यही नहीं धार्मिक एवं घूमने आए पर्यटक प्रदेश में यातायात नियमों की भी अवहेलना करते हैं। बीते दिनों श्रावण अष्टमी नवरात्र में पुलिस प्रशासन ने 2,779 चालान काट कर करीब 10 लाख रुपये का राजस्व भी एकत्रित किया। डीएसपी अंब डॉ. वसुधा सूद ने बताया कि क्षेत्र में किसी भी प्रकार से कानून का उल्लंघन करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। बाहरी राज्यों से आने वाले सभी पर्यटकों का देवभूमि स्वागत करती है। कानून का सभी को सम्मान करना चाहिए। यातायात नियमों की अवहेलना करने वालों को सबक सिखाया जाएगा।