धर्मशाला में बनेगी हिमाचल हाईकोर्ट की स्थायी पीठ, प्रदेश को मिलेगी दूसरी महिला रिजर्व बटालियन

शिमला, ब्यूरो। हिमाचल प्रदेश विधानसभा ने कांगड़ा और निचले हिमाचल के जिलों की जनता को त्वरित एवं सुलभ न्याय उपलब्ध कराने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम उठाया है। सदन ने धर्मशाला में हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय की स्थायी पीठ (बेंच) स्थापित करने का संकल्प सर्वसम्मति से पारित कर दिया है। इसके साथ ही मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने प्रदेश में दूसरी महिला रिजर्व वाहिनी (बटालियन) गठित करने की भी महत्वपूर्ण घोषणा की है।

निचले हिमाचल के लोगों को मिलेगी बड़ी राहत मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू द्वारा सदन में प्रस्तुत किए गए इस संकल्प का मुख्य उद्देश्य कांगड़ा सहित निचले हिमाचल के अन्य जिलों के वादकारियों की समस्याओं को दूर करना है। वर्तमान में शिमला स्थित उच्च न्यायालय की मुख्य पीठ की भौगोलिक दूरी अधिक होने और दुर्गम रास्तों के कारण लोगों को भारी आर्थिक बोझ व अनावश्यक देरी का सामना करना पड़ता है। इन क्षेत्रों से लंबित मुकदमों की बड़ी संख्या को देखते हुए धर्मशाला में एक समर्पित पीठ की स्थापना से नागरिकों को उनके घर-द्वार के नजदीक सस्ता और समयबद्ध न्याय मिल सकेगा।

संवैधानिक प्रावधान और केंद्र को भेजा जाएगा प्रस्ताव सदन में पारित संकल्प में स्पष्ट किया गया है कि भारतीय संविधान के अनुच्छेद 214 के तहत प्रत्येक राज्य के लिए एक उच्च न्यायालय का प्रावधान है, जबकि राज्य पुनर्गठन अधिनियम, 1956 की धारा 51(2) भारत के राष्ट्रपति को यह अधिकार देती है कि वे राज्य के राज्यपाल और उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश से परामर्श के बाद स्थायी पीठ की स्थापना कर सकते हैं। विधानसभा ने इस संबंध में केंद्र सरकार को तत्काल एक औपचारिक और विस्तृत प्रस्ताव भेजने का निर्णय लिया है।

बुनियादी ढांचे के लिए राज्य सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध धर्मशाला में प्रस्तावित हाईकोर्ट पीठ को जल्द से जल्द क्रियाशील बनाने के लिए राज्य सरकार ने अपनी पूर्ण प्रतिबद्धता दोहराई है। संकल्प के अनुसार, सरकार इसके लिए आवश्यक समस्त भूमि, न्यायालय भवन, आवासीय परिसर, आधुनिक डिजिटल अवसंरचना और सभी जरूरी वित्तीय संसाधन उपलब्ध कराएगी।

प्रदेश में बनेगी दूसरी महिला रिजर्व वाहिनी विधानसभा सत्र के दौरान मुख्यमंत्री सुक्खू ने राज्य में पुलिस बल को सशक्त करने और महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के उद्देश्य से दूसरी महिला रिजर्व वाहिनी स्थापित करने का भी एलान किया। गौरतलब है कि हिमाचल प्रदेश की पहली महिला रिजर्व वाहिनी की स्थापना 17 नवंबर 2009 को की गई थी।