हिमाचल प्रदेश में गुरुवार को माैसम तो खुल गया लेकिन दुश्वारियां बरकरार हैं। राज्य में जगह-जगह भूस्खलन से अभी एक नेशनल हाईवे सहित 346 सड़कें बाधित हैं। इसके अतिरिक्त 327 बिजली ट्रांसफार्मर व 130 जल आपूर्ति योजनाएं प्रभावित हैं। मंडी जिले में सबसे अधिक 178 सड़कें बंद हैं। वहीं ग्राम पंचायत थनाकलां के गांव पनेड में करतार चंद पुत्र निका राम के मकान के पास भूस्खलन हुआ है। इससे घर को खतरा पैदा हो गया है।

माैसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार राज्य के कई भागों में 27 अगस्त तक बारिश का दाैर जारी रहने का पूर्वानुमान है। राज्य के कई भागों में 23 से 26 अगस्त तक भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। 22 व 27 अगस्त के लिए येलो अलर्ट है। कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला व सिरमाैर जिले में अलग-अलग दिन भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट है। बीती रात ऊना में 132.6, नंगल डैम 101.2, श्री नयना देवी 54.6, सुजानपुर टिहरा 53.0, ओलिंडा 44.0, अंब 42.0, नादौन 41.5, रायपुर मियादान 30.2, बीबीएमबी 28.4, ब्राह्मणी 22.4, मालरांव20.0, नेरी 19.0 व रोहड़ू में 17.0 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।