
हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय ने बीएड कॉलेजों को संबद्धता और निरीक्षण फीस न चुकाने पर पहली बार सख्त रुख अपनाते हुए 26 निजी बीएड कॉलेजों को नए शैक्षणिक सत्र 2025–27 की काउंसलिंग प्रक्रिया से बाहर कर दिया है। विश्वविद्यालय के इस निर्णय के चलते अब केवल 28 निजी बीएड कॉलेजों में ही काउंसलिंग और सीट आवंटन होगा। इससे तीन हजार से अधिक अभ्यर्थियों के प्रवेश पर संकट मंडरा गया है।
मई में आयोजित बीएड प्रवेश परीक्षा में कुल 7,691 अभ्यर्थी सफल हुए थे, जबकि विवि से संबद्धता और फीस अदायगी के आधार पर मान्यता प्राप्त 28 कॉलेजों में महज 3,550 सीटें उपलब्ध हैं। शेष 26 कॉलेजों को इसलिए सूची से बाहर कर दिया गया क्योंकि इन्होंने वर्ष 2015 से अब तक की निर्धारित फीस (करीब 18 लाख रुपये प्रति कॉलेज) विश्वविद्यालय को नहीं चुकाई है। इन कॉलेजों पर करीब चार करोड़ रुपये की बकाया राशि है।
विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार, कॉलेजों को फीस जमा कराने के लिए पर्याप्त समय और कई बार अवसर दिए गए थे। इसके बावजूद सिर्फ 28 कॉलेजों ने ही भुगतान किया। परिणामस्वरूप इन्हीं को काउंसलिंग प्रक्रिया में शामिल किया जाएगा। बकाया राशि चुकाने पर ही विश्वविद्यालय अन्य कॉलेजों को भी सीट आवंटन प्रक्रिया में शामिल करने पर विचार कर सकता है। फिलहाल यह स्थिति न केवल कॉलेज प्रबंधन के लिए चिंता का विषय है, बल्कि हजारों परीक्षार्थियों के लिए भी परेशानी का सबब बन गई है, जिन्हें अब प्रवेश से वंचित रहना पड़ सकता है।
विश्वविद्यालय के अपने शिक्षा विभाग शिमला और धर्मशाला स्थित संस्थान में कुल 350 सीटें हैं। इन पर केवल टॉप मेरिट में स्थान पाने वाले अभ्यर्थियों को प्रवेश मिलेगा। शेष 3,200 सीटें निजी कॉलेजों में भरी जानी थीं, जिनमें से आधे कॉलेज फिलहाल काउंसलिंग से बाहर हैं।
विश्वविद्यालय की ओर से केवल फीस अदा करने वाले कॉलेजों की सूची जारी होते ही निजी कॉलेज प्रबंधनों में हड़कंप मच गया है। उम्मीद जताई जा रही है कि कुछ कॉलेज अब फीस जमा कर विश्वविद्यालय से दोबारा काउंसलिंग में शामिल होने की मांग कर सकते हैं।
हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय में बीएड की काउंसलिंग सात अगस्त से ऑनलाइन शुरू होगी। बीएड सेंट्रलाइज्ड काउंसलिंग कमेटी के अनुसार पहले राउंड की काउंसलिंग के लिए बीएड की प्रवेश परीक्षा में उत्तीर्ण हुए विद्यार्थियों को सात अगस्त को सुबह दस बजे से 11 अगस्त को रात बारह बजे तक लॉगइन आईडी से तीन कॉलेजों की प्राथमिकता देनी होगी। इसे छात्रों को विवि की पोर्टल nadmissions.hpushimla.in के माध्यम से ही प्राथमिकता देनी होगी। कमेटी 14 अगस्त को छात्रों को सीट आवंटन और कॉलेज से संबंधित सूचना जारी करेगी। इन छात्रों की 15 से 18 अगस्त तक संबंधित कॉलेज में मूल दस्तावेजों की वेरिफिकेशन और ऑनलाइन फीस जमा करवाने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। दूसरे राउंड में 21 अगस्त को पहले राउंड के बाद खाली रही सीटों का ब्योरा वेबसाइट और पोर्टल पर अपलोड होगा।
21 से 25 अगस्त तक दूसरे राउंड के लिए छात्र ऑनलाइन अपने कॉलेज की प्राथमिकता देंगे। 27 अगस्त को स्पोर्ट्स कोटा के तहत आवेदन करने वाले और 28 अगस्त को कल्चरल कोटा की सीट को आवेदन करने वाले विद्यार्थियों की विवि परिसर में काउंसलिंग होगी।
30 अगस्त को सीट आवंटन की सूचना छात्रों को ऑनलाइन दी जाएगी। इसमें शामिल छात्र छात्राओं को 31 अगस्त से दो सितंबर तक संबंघित कॉलेज में मूल दस्तावेजों की वेरिफिकेशन और ऑनलाइन फीस जमा करवाने की प्रक्रिया पूरी करनी होगी।
बीएड की तीसरे राउंड की काउंसलिंग प्रक्रिया 5 सितंबर को दूसरे राउंड के बाद खाली रही बीएड की सीटों का ब्योरा अपलोड करने के साथ होगी। पात्र छात्र बीएड की सीटों की काउंसलिंग के लिए नौ सितंबर रात बारह बजे तक ऑनलाइन कॉलेज की प्राथमिकता ऑनलाइन दे सकेंगे। इसके बाद बारह सितंबर को सीट संबद्ध कॉलेजों में सीटों का ब्योरा अपलोड हो जाएगा।
बीएड के चौथे करेक्शन व मॉप अप ऑनलाइन काउंसलिंग का राउंड 17 सितंबर से तीन राउंड के बाद खाली सीटों के ब्योरे के ऑनलाइन अपलोड किए जाने के साथ होगी। छात्र इसे देखकर 20 सितंबर रात बारह बजे तक अपनी पसंद के कॉलेज की प्राथमिकता ऑनलाइन देंगे। इसके बाद 29 सितंबर को विवि की संशोधित मेरिट लिस्ट वेबसाइट पन अपलोड हो जाएगी। 23 सितंबर को छात्रों को सीट आवंटन की सूचना दे दी जाएगी।
एडमिशन एंड काउंसलिंग कमेटी के चेयरमेन डीएस प्रो. बीके शिवराम ने कहा कि छात्र बीएड काउंसलिंग से संबंधित हर अपडेट के लिए नियमित तौर पर विवि की वेबसाइट और पोर्टल nadmissions.hpushimla.in को देखते रहें। काउंसलिंग को लेकर जारी दिशा निर्देशों में कहा गया है कि पहले तीन ऑनलाइन काउंसलिंग के राउंड में सीट आवंटित होने पर भी आवंटित कॉलेज में प्रवेश न लेने वाले छात्रों को चौथे राउंड की काउंसलिंग में भाग लेने को पांच हजार की नॉन रिफंडएबल फीस के साथ ऑनलाइन आवेदन करना होगा। बीएड की ऑनलाइन काउंसलिंग, कॉलेज आवंटन, ऑनलाइन फीस पेमेंट से संबंधित जानकारी को छात्र टेलीफोन नंबर 0177 2831298,2833648 पर, पात्रता और अन्य जानकारी को 0177-2833630 पर संपर्क कर सकते हैं।
