
विश्व विख्यात सिद्धपीठ बाबा बालक नाथ मंदिर के दरबार में चढ़ने वाले चढ़ावे की गिनती में कथित गबन के मामले में बुधवार को एफआईआर दर्ज की गई है। इस मामले में पुलिस ने ट्रस्ट के दो कर्मचारियों को गिरफ्तार किया है। दोनों कर्मी गणना में कथित गबन में प्रारंभिक जांच में संलिप्त पाए गए हैं। पुलिस ने गणना कक्ष में लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच के बाद एफआईआर दर्ज कर यह कार्रवाई की है। इस कक्ष की सीसीटीवी फुटेज सहित अन्य रिकॉर्ड को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है।
दोनों आरोपियों को गुरुवार को अदालत में पेश किया जाएगा। चढ़ावे की गणना में हुए इस कथित घोटाले की शिकायत मंदिर अधिकारी तहसीलदार ढटवाल की ओर से संदीप सिंह की ओर से पुलिस को दी गई है। शिकायत में उन्होंने कहा कि 3 अक्तूबर को सहायक नियंत्रक की ओर से हस्ताक्षरित नोटिंग से पाया गया कि बीते 29 सितंबर को मंदिर में चढ़ावे की गणना में लिपिक केशव दत्त ने जानबूझ कर 500 रुपये के नोट के बंडल में 100 नोटों के स्थान पर 140 नोट का बंडल बनाकर रखा था। पुलिस अधीक्षक भगत सिंह ठाकुर ने कहा कि दो कर्मियों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों को आज अदालत में पेश किया जाएगा।
फुटेज का अवलोकन करने पर यह भी पाया कि गिनती हॉल में गिनती क्लर्क केशव दत्त के साथ गणना के अंतिम समय जब नोटों के बंडलों का लेखा-जोखा बनाया जा रहा था, तो लेखाकार गुरुचैन सिंह भी मौजूद था। जबकि गुरुचैन की गणना कक्षा में डयूटी रोस्टर के अनुसार नहीं थी। शिकायत में कहा गया है कि की मिलीभगत से ट्रस्ट के पैसे का गबन हुआ है।
