हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर क्षेत्रीय अस्पताल में एक्सरे सुविधा को लेकर मरीजों की परेशानी सामने आई है। अस्पताल में दो एक्सरे तकनीशियन तैनात होने के बावजूद शाम पांच बजे के बाद एक्सरे मशीन बंद कर दी जाती थी। ऐसे में रात के समय आपात स्थिति में अस्पताल पहुंचने वाले मरीजों को जांच के लिए दूसरे अस्पताल का रुख करना पड़ रहा था।

मंगलवार रात सड़क हादसे में बाजू में चोट लगने के बाद एक व्यक्ति को क्षेत्रीय अस्पताल के आपातकालीन विभाग में लाया गया। चोट की गंभीरता का पता लगाने के लिए एक्सरे जरूरी था, लेकिन रात में सुविधा उपलब्ध नहीं होने के कारण घायल को एम्स बिलासपुर रेफर करना पड़ा।

दो तकनीशियन होने पर भी मरीजों को परेशानी

अस्पताल में पहले एक्सरे तकनीशियन की कमी के कारण सुविधा सीमित रहने की बात सामने आ रही थी। अब दूसरी तकनीशियन की नियुक्ति के बाद अस्पताल में दो तकनीशियन तैनात हैं। इसके बावजूद शाम पांच बजे के बाद एक्सरे सुविधा बंद रहने से मरीजों और तीमारदारों को परेशानी झेलनी पड़ रही थी।

घायल के तीमारदार गौरव शर्मा ने सवाल उठाया कि यदि क्षेत्रीय अस्पताल में आपातकालीन मरीजों के लिए 24 घंटे एक्सरे की सुविधा उपलब्ध नहीं होगी, तो ऐसे मरीजों को उपचार के लिए कहां जाना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि सड़क हादसों और अन्य आपात स्थितियों में मरीज सबसे पहले क्षेत्रीय अस्पताल पहुंचते हैं, इसलिए जरूरी जांच की व्यवस्था भी वहीं होनी चाहिए।

अब दिन-रात मिलेगी एक्सरे की सुविधा

मरीजों की परेशानी सामने आने के बाद अस्पताल प्रबंधन ने एक्सरे सुविधा को लेकर निर्देश जारी किए हैं। क्षेत्रीय अस्पताल के एमएस डॉ. एके सिंह ने बताया कि अस्पताल में अब दो एक्सरे तकनीशियन तैनात हैं। दूसरी तकनीशियन ने करीब एक सप्ताह पहले ही ज्वाइन किया है।

उन्होंने दोनों तकनीशियनों को निर्देश दिए हैं कि मरीजों को अब अस्पताल में दिन-रात एक्सरे की सुविधा उपलब्ध करवाई जाए, ताकि आपातकालीन मरीजों को केवल जांच के लिए दूसरे अस्पताल रेफर न करना पड़े।