हिमाचल प्रदेश के सोलन में मशरूम की खेती और स्वरोजगार से जुड़ने की तैयारी कर रहे किसानों व उद्यमियों के लिए अच्छी खबर है। सोलन स्थित खुंब अनुसंधान निदेशालय (डीएमआर) में अब कीड़ा जड़ी यानी कॉर्डिसेप्स मशरूम का कल्चर 10 हजार रुपये में उपलब्ध होगा। बाजार में इस मशरूम की कीमत एक लाख रुपये प्रति किलो तक बताई जाती है।

पहले कीड़ा जड़ी मशरूम के कल्चर की कीमत करीब छह से सात हजार रुपये थी, जिसे अब बढ़ाकर 10 हजार रुपये निर्धारित किया गया है। वहीं, अन्य औषधीय और खाने वाली मशरूम के कल्चर के लिए दो हजार रुपये शुल्क रखा गया है।

कल्चर बैंक में सुरक्षित हैं 4,464 मशरूम कल्चर

खुंब निदेशालय के कल्चर बैंक में औषधीय मशरूम, ढिंगरी और बटन मशरूम सहित विभिन्न प्रजातियों के कुल 4,464 कल्चर सुरक्षित रखे गए हैं। इसके अलावा 2,642 जंगली मशरूम प्रजातियों के संरक्षण और शोध पर भी काम किया जा रहा है।

संस्थान में इन कल्चर को वैज्ञानिक मानकों के तहत सुरक्षित रखा जाता है। किसानों और उद्यमियों को निर्धारित प्रक्रिया और उपलब्धता के अनुसार कल्चर उपलब्ध करवाए जाते हैं, ताकि वे मशरूम उत्पादन के क्षेत्र में अपना काम शुरू कर सकें।

चार डिग्री तापमान पर रखे जाते हैं कल्चर

निदेशालय के विशेषज्ञों के अनुसार, मशरूम कल्चर को चार डिग्री सेल्सियस तापमान पर सुरक्षित रखा जाता है। प्रत्येक कल्चर की चार से पांच प्रतियां ट्यूब में तैयार कर संरक्षित की जाती हैं। इससे किसी नमूने के खराब होने या संक्रमण की स्थिति में मूल कल्चर सुरक्षित रहता है।

कल्चर को जीवंत और सक्रिय बनाए रखने के लिए हर दो महीने बाद उनका दोबारा रिवाइवल किया जाता है।

क्या होता है मशरूम कल्चर?

मशरूम कल्चर को खेती का मूल बीज या मास्टर बीज कहा जाता है। प्रयोगशाला में मशरूम के ऊतक या बीजाणुओं को पोषक माध्यम में विकसित किया जाता है। इसी जीवित सामग्री से आगे स्पॉन तैयार होता है, जिसे खाद या भूसे में मिलाकर मशरूम उगाई जाती है।

खुंब निदेशालय के कार्यकारी निदेशक डॉ. बृज लाल अत्री के अनुसार, संस्थान का उद्देश्य गुणवत्तापूर्ण कल्चर का संरक्षण करना और किसानों तक वैज्ञानिक तकनीक पहुंचाना है। इससे मशरूम उत्पादन को बढ़ावा देने के साथ स्वरोजगार के नए अवसर तैयार होंगे।