
वोट चोर, गद्दी छोड़ रैली में भाग लेने के लिए मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू आज दिल्ली जाएंगे। उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री सहित सभी कैबिनेट मंत्रियों के अलावा 3000 कांग्रेस कार्यकर्ता भी शनिवार को दिल्ली पहुंच जाएंगे। 14 दिसंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में कांग्रेस की महारैली होगी। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार शुक्रवार को नई दिल्ली के दौरे पर रवाना हो गए। वह 13 दिसंबर को अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के पिछड़ा वर्ग सलाहकार बोर्ड की बैठक में भाग लेंगे।
बैठक की अध्यक्षता कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे करेंगे। बैठक में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी बतौर विशेष अतिथि शिरकत करेंगे। 14 दिसंबर को विनय कुमार वोट चोर गद्दी छोड़ महारैली में हिमाचल कांग्रेस की अगुवाई करेंगे। वोट चोर गद्दी छोड़ रैली की तैयारियों के लिए गठित कमेटी के प्रभारी हिमुडा के उपाध्यक्ष यशवंत छाजटा ने बताया कि पार्टी प्रदेशाध्यक्ष विनय कुमार के निर्देशों पर दिल्ली जाने वाले सभी पार्टी कार्यकर्ताओं के खाने-पीने, आवास और आने जाने की व्यवस्था कर ली गई है।
प्रदेश के वरिष्ठ नेताओं, विधायकों, पूर्व विधायकों, निगमों के अध्यक्षों, उपाध्यक्षों, अग्रणी संगठनों के पदाधिकारियों व समर्थकों को रैली में शामिल होने का न्योता दिया गया है। उधर वोट चोर, गद्दी छोड़ रैली के लिए मुख्यमंत्री के निर्देशों पर डिप्टी चीफ व्हिप केवल सिंह पठानिया की अध्यक्षता में परिवहन एवं भोजन समिति गठित की गई है। चंबा के विधायक नीरज नैयर और हज कमेटी के अंतरिम अध्यक्ष दिलदार अली बट सदस्य बनाएं गए हैं।
