
शेयर ट्रेडिंग के नाम पर ठगे 3.42 करोड़, सोलन के कारोबारी की शिकायत पर साइबर पुलिस ने शुरू की जांच
साइबर ठगों ने व्हाट्सऐप ग्रुप के जरिए बिछाया ठगी का जालसोलन के कारोबारी की शिकायत पर साइबर पुलिस ने शुरू की जांच
हिमाचल प्रदेश में ऑनलाइन शेयर ट्रेडिंग के नाम पर एक कारोबारी से करीब 3.42 करोड़ रुपए की बड़ी ठगी का मामला सामने आया है। साइबर ठगों ने खुद को शेयर बाजार के अनुभवी विशेषज्ञ बताकर व्हाट्सऐप के जरिए ठगी का जाल बिछाया। पीडि़त शख्स सोलन का एक कारोबारी है। उन्होंने साइबर पुलिस स्टेशन शिमला में एफआईआर दर्ज करवाई है। जानकारी के अनुसार पीडि़त को वीएसएल एनएचडब्ल्यू, एलकेपी एनएचडब्ल्यूएल और शून्यमैक्स जैसे व्हाट्सऐप ग्रुप्स में जोड़ा गया, जहां ग्रुप एडमिन्स ने अपने नाम सिया अरोड़ा, दीपा रसिमाने और चाणक्य बताकर भरोसा जीता।
इन ग्रुप्स में लगातार फर्जी मुनाफे के स्क्रीनशॉट, झूठी सफलता की कहानियां और कथित निवेशकों की प्रशंसा पोस्ट की जाती थीं।साथ ही आईपीओ में पक्के अलॉटमेंट और गारंटिड रिटर्न का लालच दिया गया। इसके बाद साइबर ठगों ने पीडि़त को नकली ट्रेडिंग ऐप और फर्जी वेबसाइट पर निवेश करवाया, जहां खाते में मुनाफा दिखाकर और ज्यादा पैसा डालने के लिए उकसाया गया। पीडि़त ने अलग-अलग बैंक खातों में बड़ी रकम ट्रांसफर की, जो जांच में म्यूल अकाउंट पाए गए।
