
मंडी/सरकाघाट: हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के सरकाघाट क्षेत्र में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां 90 वर्षीय बुजुर्ग महिला के सोने की बालियां गायब होने के बाद एक साधु पर चोरी का आरोप लगाया गया है। घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, मामला सरकाघाट पुलिस थाना क्षेत्र की देव ब्राड़ता चौक पंचायत का है। बताया जा रहा है कि 21 नवंबर को दोपहर करीब 12 बजे बुजुर्ग महिला चंद्रमू देवी अपने घर पर थीं। उनकी देखभाल के लिए पड़ोस में रहने वाली एक महिला भी वहां मौजूद थी।
इसी दौरान एक साधु छोटी बच्ची के साथ घर पहुंचा और बच्ची के लिए भोजन मांगा। पड़ोस में मौजूद महिला ने बच्ची को खाना खिलाने की बात कही और भोजन तैयार करने के लिए घर के अंदर चली गई।
आरोप है कि इसी दौरान बुजुर्ग महिला के कानों से सोने की बालियां गायब हो गईं। उस समय महिला को इसकी जानकारी नहीं हुई। भोजन करने के बाद साधु बच्ची के साथ वहां से चला गया। कुछ देर बाद जब बुजुर्ग महिला ने अपने कानों में बालियां नहीं पाईं, तो आसपास के लोगों को इसकी जानकारी दी गई।
सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दिया संदिग्ध
घटना के बाद ग्रामीणों ने आसपास के घरों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। बताया गया कि एक कैमरे की फुटेज में कथित तौर पर साधु छोटी बच्ची के साथ जाते हुए दिखाई दिया।
घटना के दो दिन बाद बुजुर्ग महिला के बेटे कृष्ण दत्त शर्मा को मामले की जानकारी मिली। इसके बाद उन्होंने सरकाघाट पुलिस थाने में शिकायत दर्ज करवाई।
पुलिस कर रही मामले की जांच
पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार के अनुसार, मामले की छानबीन की जा रही है। गांव में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।
