
मंडी। हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के बहुचर्चित सिया हत्याकांड में आज शुक्रवार को अदालत दोषी विकास पटियाल को सजा सुनाएगी। सरकाघाट की अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश की अदालत ने विकास पटियाल को हत्या के मामले में दोषी करार दिया है। अब सजा के ऐलान को लेकर सिया के परिजनों और पूरे क्षेत्र की निगाहें अदालत पर टिकी हुई हैं।
कॉलेज जाने के दौरान सिया की बेरहमी से हत्या कर दी गई थी। करीब सात महीने से बेटी को खोने का दर्द झेल रहे माता-पिता को अब अदालत से न्याय की उम्मीद है। मामले में मृत्युदंड तक का प्रावधान होने के कारण शुक्रवार का दिन बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
कॉलेज जाते समय किया था दराट से हमला
यह दर्दनाक घटना 13 अप्रैल 2026 की सुबह करीब 9:44 बजे सरकाघाट उपमंडल के बैंजी गोपालपुर के पास हुई थी। कॉलेज जा रही छात्रा सिया पर धारदार हथियार दराट से हमला किया गया था। हमले में उसकी मौत हो गई थी।
घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश फैल गया था। लोगों ने आरोपी को कड़ी सजा देने की मांग उठाई थी। पुलिस ने मामले की जांच कर आरोपी विकास पटियाल को गिरफ्तार किया और अदालत में चालान पेश किया।
6 नवंबर को अदालत ने दोषी ठहराया
मामले की सुनवाई पूरी होने के बाद 6 नवंबर को अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश सरकाघाट की अदालत ने विकास पटियाल को भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) के तहत हत्या का दोषी करार दिया था।
इसके बाद 13 नवंबर को सजा सुनाए जाने की तारीख तय की गई थी, लेकिन उस दिन फैसला नहीं हो सका। अदालत ने अगली सुनवाई के लिए 27 नवंबर की तारीख निर्धारित की। अब शुक्रवार को दोषी की सजा पर फैसला होना है।
परिजनों को उम्रकैद नहीं, फांसी की उम्मीद
सिया के माता-पिता पिछले सात महीनों से न्याय की प्रतीक्षा कर रहे हैं। बेटी की हत्या के बाद परिवार गहरे सदमे में है। परिजनों का कहना है कि उनकी बेटी अब वापस नहीं आ सकती, लेकिन दोषी को ऐसी सजा मिलनी चाहिए जिससे भविष्य में कोई दूसरी बेटी के साथ ऐसा अपराध करने की हिम्मत न करे।
सिया की मां रक्षा देवी और परिवार के अन्य सदस्यों ने दोषी को फांसी की सजा देने की मांग की है। परिवार की निगाहें अब अदालत के फैसले पर टिकी हैं।
वैज्ञानिक साक्ष्य बने अहम आधार
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, फॉरेंसिक जांच और डीएनए संबंधी साक्ष्यों सहित कई महत्वपूर्ण सबूत जुटाए थे। अभियोजन पक्ष ने अदालत में गवाहों के बयान और वैज्ञानिक साक्ष्य प्रस्तुत किए। इन्हीं साक्ष्यों के आधार पर अदालत ने विकास पटियाल को दोषी करार दिया।
अब अदालत सजा के संबंध में फैसला सुनाएगी। सिया के परिजनों के लिए यह दिन न्याय की लंबी प्रतीक्षा का महत्वपूर्ण पड़ाव है।
