
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने शुक्रवार को राजधानी शिमला स्थित राज्य अतिथि गृह पीटरहॉफ शिमला में 312 नवनियुक्त कला शिक्षकों को नियुक्ति पत्र दिए। उन्होंने छात्र केंद्रित समाचार प्लेटफार्म और स्कूल के प्रदर्शन का मूल्यांकन करने वाली बेसलाइन रिपोर्ट भी जारी की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि कहा कि नवनियुक्त कला शिक्षकों को भी सरकार पुरानी पेंशन योजना के दायरे में लेगी। शिक्षा, तकनीकी शिक्षा और चिकित्सा शिक्षा विभाग में शैक्षणिक सत्र के मध्य में सेवानिवृत्ति नहीं करने को लेकर विचार जारी है।
प्रस्ताव है कि शैक्षणिक सत्र समाप्त होने के बाद ही सेवानिवृत्ति की जाए ताकि शिक्षा प्रभावित न हो। मुख्यमंत्री ने कहा कि साल में दो बार पदोन्नतियां देने के मामले में भी विचार जारी है। चालू शैक्षणिक सत्र के दौरान विभिन्न श्रेणियां की पदोन्नतियां होने से देखा गया है कि शिक्षकों की कमी स्कूलों में हो रही है। शिक्षा विभाग की ओर से करवाए जा रहे कार्यक्रम में सरकारी स्कूलों के पांच विद्यार्थियों को जापान की शैक्षणिक यात्रा पर भी रवाना किया गया।
