
हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय ने यूजी और पीजी डिग्री कोर्स के करीब डेढ़ लाख विद्यार्थियों के लिए परीक्षा फार्म भरने के समय पात्रता शर्तें पूरी करने की नई व्यवस्था लागू की है। इसके तरह हर छात्र को ऑनलाइन परीक्षा फार्म भरने के लिए पहले कॉलेज की ओर से अप्रूवल दिया जाएगा। तभी परीक्षा फार्म भरने का विकल्प दिखेगा। विश्वविद्यालय के nexam.hpushimla.in पोर्टल के खुलने पर प्राचार्य की लॉगिन आईडी से हर छात्र की हाजिरी और पात्रता शर्तों की जांच की जाएगी।
इसके बाद ही फार्म ऑनलाइन भरने की अनुमति मिलेगी। इसी प्रक्रिया के तहत एडमिट कार्ड जनरेट करने के लिए भी प्राचार्य से इंटरनल असेसमेंट और अन्य पात्रता शर्तों की अप्रूवल आवश्यक होगी। यह व्यवस्था बीबीए, बीसीए, बीबीए इन टूरिज्म एंड ट्रेवल मैनेजमेंट और बी वॉक कोर्स से शुरू की जा रही है। इससे विश्वविद्यालय और कॉलेजों में परीक्षा रोल नंबर और परिणाम के लटकने की समस्या भी कम होगी।
परीक्षा नियंत्रक प्रो. श्याम लाल कौशल ने कहा कि हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय की बीबीए, बीसीए, बी वॉक और बीबीए इन टूरिज्म एंड ट्रेवल मैनेजमेंट के तीसरे, पांचवें और सातवें सेमेस्टर की नियमित और इवन सेमेस्टर की री-अपीयर परीक्षाएं अक्तूबर में होंगी। परीक्षा फार्म 4 अक्तूबर तक पोर्टल nexam.hpushimla.in पर भरे जाएंगे। इसमें कॉलेज प्राचार्य या निदेशक ही छात्र को ऑनलाइन अप्रूवल देंगे। उसके बाद ही छात्र परीक्षा फार्म देख और भर पाएंगे।
प्रदेश विश्वविद्यालय के पूर्व परीक्षा प्रशिक्षण केंद्र में बैंक पीओ, नेट और एसएलईटी के कोचिंग बैच शुरू करने को लेकर संशय बना हुआ है। प्रशिक्षण केंद्र में ऑनलाइन आवेदन की समय सीमा 18 सितंबर को समाप्त हो चुकी है। नाममात्र छात्रों ने ही आवेदन किया है। कम संख्या में आवेदन आने के कारण 25 सितंबर से कोचिंग बैच शुरू करना संभव नहीं लग रहा है। केंद्र के निदेशक प्रो. जोगिंद्र सिंह धीमान ने बताया कि केंद्र फिर से आवेदन आमंत्रित करने पर विचार कर रहा है। योजना के अनुसार बैंक पीओ की कक्षाएं 25 सितंबर से 10 नवंबर तक होनी थी। नेट और एसएलईटी की कक्षाएं 20 सितंबर से 30 अक्तूबर तक होने वाली थीं। इन बैचों में छात्रों का चयन स्नातक परीक्षाओं में प्राप्त अंकों के आधार पर किया जाता है।
शिमला। हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय ने स्नातकोत्तर डिग्री कोर्स एमएससी मैथ के चौथे सेमेस्टर का परिणाम घोषित किया है। परिणाम 98.78% रहा। एमएफए पहाड़ी मिनिएचर पेंटिंग के चौथे सेमेस्टर का परीक्षा परिणाम 100%, जबकि होटल मैनेजमेंट बीएचएम आठवें सेमेस्टर का परिणाम 84% रहा।
शिमला। हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के दूरस्थ शिक्षा एवं ऑनलाइन एजूकेशन केंद्र (सीडीओई) के एमए एजूकेशन में प्रवेश के लिए बुधवार को विवि में ऑफलाइन काउंसलिंग हुई। पहले दिन 160 विद्यार्थियों ने काउंसलिंग में भाग लिया। इनमें से 136 को सीटें आवंटित कर दी गई हैं। शिक्षा विभागाध्यक्ष प्रो. कुलदीप कटोच ने कहा कि शेष सीटों के लिए वीरवार को भी काउंसलिंग होगी। प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों को स्टडी मेटिरियल भी दिया जा रहा है।
