मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू बोले, एक साल के भीतर एक रुपए प्रति यूनिट तक कम होंगे दाम


मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने राज्य के उद्योगपतियों से संवाद के बाद बड़ी घोषणा की है कि अब राज्य में बिजली और सस्ती होगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने बिजली बोर्ड में रिफार्म लाकर इंप्लाइज कॉस्ट को कम किया है। यह काम जारी है। इस कारण एक साल के भीतर बिजली के रेट एक रुपए प्रति युनिट तक कम होंगे। इसका सबसे ज्यादा लाभ उद्योगों को मिलेगा।

वह उद्योग विभाग द्वारा आयोजित तीन दिवसीय हिम एमएसएमई फेस्ट 2026 में पीटरहॉफ शिमला में देश विदेश के प्रमुख उद्योगों के मुख्य कार्यकारी अधिकारियों और उद्यमियों से संवाद कर रहे थे। एमएसएमई फेस्ट में 12000 करोड़ के 37 एमओयू साइन होने पर खुशी जताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में शीघ्र ही नई उद्योग नीति लाई जाएगी। प्रदेश सरकार निवेश-अनुकूल परितंत्र विकसित करने के लिए निरंतर नवीन पहलें कर रही है, ताकि हिमाचल प्रदेश निवेशकों के लिए एक भरोसेमंद और आकर्षक इन्वेस्ट डेस्टिनेशन बन सके।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की परिकल्पना इसे हरित औद्योगिकीकरण, नवीकरणीय ऊर्जा, डिजिटल एवं आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के क्षेत्र में प्रगति के साथ-साथ ग्रामीण औद्योगिकीकरण का एक सशक्त आर्थिक केंद्र बनाने की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में पेट्रो फ्यूल ईंधन से चलित सभी 22 हजार टैक्सी वाहनों को चरणबद्ध तरीके से ईवी वाहनों से बदला जाएगा।