हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में एक छात्रा ने 12वीं कक्षा में दूसरी बार फेल होने पर खौफनाक कदम उठाया और आत्महत्या कर दी।  पुलिस ने बीएनएसएस की धारा 194 के तहत जांच शुरू कर दी है। पुलिस की जांच में पता चला है कि छात्रा लगातार दूसरी बार फेल होने का सदमा बर्दाश्त नहीं कर पाई। इससे उसने पुल से नाले में कूदकर आत्महत्या कर दी। पुलिस ने न्यू शिमला थाना में मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। बीते शनिवार को ही हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड धर्मशाला ने 12वीं कक्षा का रिजल्ट घोषित किया था। लेकिन परीक्षा परिणाम देखकर  छात्रा ने आत्महत्या कर ली। 

मृतक युवती सिरमौर जिला की रहने वाली थी। छात्रा  शिमला के पाटी गांव में किराये के कमरे में अपने परिवार के साथ रहती थी। मृतक छात्रा के पिता शिमला में मजदूरी करते हैं। पुलिस के अनुसार, मृतक छात्रा ने मैहली-आनंदपुर-शोघी बाईपास पर बड़ागांव के पास स्थित पुल से नाले में छलांग लगाई, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस थाना न्यू शिमला की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। परिजनों के बयान दर्जकर लिए गए हैं।