प्रदेश के हजारों युवाओं के लिए राहत भरी खबर है। हिमाचल प्रदेश पुलिस में कांस्टेबल भर्ती 2026 के लिए राज्य सरकार के फैसले के बाद हिमाचल प्रदेश लोक सेवा आयोग (HPPSC) ने अभ्यर्थियों को बड़ा मौका दिया है। आयोग ने भर्ती के लिए अधिकतम आयु सीमा में एक वर्ष की विशेष एकमुश्त (वन टाइम) छूट प्रदान कर दी है। इसके साथ ही ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि भी बढ़ा दी गई है, जिससे पहले आयु सीमा के कारण आवेदन से वंचित रह गए उम्मीदवार भी अब भर्ती प्रक्रिया में शामिल हो सकेंगे।

आयु सीमा में एक वर्ष की विशेष छूट

यह छूट HPPSC द्वारा जारी विज्ञापन संख्या 57-7/2026 और 58-7/2026 के तहत होने वाली कांस्टेबल भर्ती पर लागू होगी। आयोग के अनुसार यह एक बार के लिए दी गई विशेष राहत है, जिससे सभी पात्र श्रेणियों के अभ्यर्थियों को लाभ मिलेगा। हालांकि भर्ती की अन्य सभी शर्तें, शैक्षणिक योग्यता, आरक्षण नियम और चयन प्रक्रिया में कोई बदलाव नहीं किया गया है।

आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ी

आयोग ने ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ाकर 21 अगस्त 2026 रात 11:59 बजे कर दी है। इसके बाद आवेदन पोर्टल स्वतः बंद हो जाएगा। आयोग ने स्पष्ट किया है कि आवेदन केवल ऑनलाइन माध्यम से ही स्वीकार किए जाएंगे। ऑफलाइन या किसी अन्य माध्यम से भेजे गए आवेदन मान्य नहीं होंगे।