
हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में दीपावली की रात खुशियों के बीच आगजनी की घटनाओं ने लोगों की चिंता बढ़ा दी। शहर और आसपास के क्षेत्रों में एक के बाद एक आग लगने की कुल 17 घटनाएं सामने आईं। इन घटनाओं में करीब 7 लाख रुपये की संपत्ति को नुकसान पहुंचा, जबकि अग्निशमन विभाग की मुस्तैदी से लगभग 3 करोड़ रुपये की संपत्ति को जलने से बचा लिया गया।
सबसे संवेदनशील घटना मैहली के साईं फ्लैट में सामने आई, जहां रात करीब 10:20 बजे सेवानिवृत्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश एलआर शर्मा के कार्यालय में आग लग गई। कार्यालय में 11 से 12 गैस सिलिंडर मौजूद होने के कारण बड़ा हादसा होने का खतरा था। सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। टीम महज छह मिनट में घटनास्थल पर पहुंच गई और कड़ी मशक्कत के बाद रात 1:40 बजे आग पर काबू पाया। इस घटना में करीब 7 लाख रुपये का नुकसान हुआ, जबकि लगभग 3 करोड़ रुपये की संपत्ति बचा ली गई।
इसके अलावा शहर के सी-7 और सी-8 फ्लैट के एटिक में भी आग लगने की घटना सामने आई। वहीं, रात करीब 12:15 बजे वाहन संख्या HP-35-8345 में आग लगने से उसकी बॉडी और सीटों को नुकसान पहुंचा।
लिफ्ट के समीप वेटनरी क्षेत्र में लकड़ी और कूड़े में भी आग भड़क उठी। यहां चार मंजिला अस्पताल और पांच शेड आग की चपेट में आने का खतरा था। अग्निशमन विभाग ने समय रहते आग पर काबू पाया। इस क्षेत्र में दो बार आग लगने की सूचना मिली।
शहर के डाउनडेल क्षेत्र में रात 8:33 बजे कूड़े में आग लगने की सूचना मिली। इसके अलावा बियुलिया, रझाना, हिप्पा और ढिंगू मंदिर के समीप जंगलों में भी आग लगने की घटनाएं सामने आईं।
वहीं, रात 11:54 बजे स्पर्श अस्पताल के भूतल पर बने बांस के स्टोर में आग लग गई। ठियोग के बणी क्षेत्र में एक मकान भी आग की चपेट में आ गया। इस घटना में करीब 5 लाख रुपये का नुकसान हुआ, जबकि अग्निशमन विभाग ने लगभग 1 करोड़ रुपये की संपत्ति को बचाया।
आगजनी की घटनाएं केवल शिमला शहर तक सीमित नहीं रहीं। बाईपास के घसानी क्षेत्र, भराड़ी, बागाघाट, ठियोग के जैसघाटी, पवाच और गुम्मा के जंगलों में भी आग लगने की सूचनाएं मिलीं। वहीं, शिमला में वाल्मीकि मंदिर के समीप तिरपाल से बने टीन शेड में भी आग लग गई।
दीपावली की रात आतिशबाजी के बीच लगातार मिल रही आग की सूचनाओं ने अग्निशमन विभाग के सामने बड़ी चुनौती खड़ी कर दी। राहत की बात यह रही कि विभाग की तत्परता से करोड़ों रुपये की संपत्ति को बचा लिया गया। इन घटनाओं ने त्योहारों के दौरान आग से बचाव और सुरक्षा उपायों को लेकर सतर्क रहने की जरूरत को एक बार फिर उजागर किया।
