शिमला: हिमाचल प्रदेश की आर्थिक स्थिति को लेकर एक बार फिर चिंता बढ़ गई है। पब्लिक रिसर्च सर्विसेज (PRS) की नवंबर 2026 में प्रकाशित स्टेट ऑफ स्टेट फाइनेंस 2026-27 रिपोर्ट में प्रदेश के बढ़ते कर्ज, राजस्व घाटे और खर्च से जुड़े कई महत्वपूर्ण तथ्य सामने आए हैं। रिपोर्ट के अनुसार, हिमाचल प्रदेश की राजस्व प्राप्तियों का करीब 88 फीसदी हिस्सा कर्मचारियों के वेतन, पेंशन और कर्ज पर ब्याज चुकाने में खर्च होने का अनुमान है। ऐसे में विकास कार्यों और नई परिसंपत्तियों के निर्माण के लिए सरकार के पास सीमित वित्तीय गुंजाइश बचती है।

वेतन, पेंशन और ब्याज पर खर्च होंगे 35,641 करोड़ रुपये

रिपोर्ट के मुताबिक, वित्त वर्ष 2026-27 में हिमाचल प्रदेश का प्रतिबद्ध खर्च करीब 35,641 करोड़ रुपये रहने का अनुमान है। इसमें कर्मचारियों के वेतन पर राजस्व प्राप्तियों का लगभग 41 फीसदी, पेंशन पर 29 फीसदी और ब्याज भुगतान पर 18 फीसदी खर्च होगा। यानी इन तीन मदों पर ही प्रदेश की राजस्व प्राप्तियों का 88 फीसदी हिस्सा चला जाएगा।

रिपोर्ट में बताया गया है कि वर्ष 2024-25 के वास्तविक आंकड़ों के अनुसार प्रदेश की राजस्व प्राप्तियों का 80 फीसदी हिस्सा इन प्रतिबद्ध खर्चों पर गया था।

जीएसडीपी के 40 फीसदी से अधिक पहुंचा कर्ज

हिमाचल प्रदेश का बकाया कर्ज सकल राज्य घरेलू उत्पाद (जीएसडीपी) के 40 फीसदी से अधिक होने का अनुमान है। रिपोर्ट के अनुसार, अरुणाचल प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, नगालैंड और पंजाब ऐसे चार राज्य हैं, जिनका कर्ज इस स्तर से ऊपर है।

वहीं, सभी राज्यों का औसत कर्ज जीडीपी के करीब 28 फीसदी के स्तर पर है। इससे हिमाचल की वित्तीय स्थिति पर दबाव का अंदाजा लगाया जा सकता है।

प्रदेश की अपनी आय बढ़ाने की क्षमता भी चिंता का विषय

रिपोर्ट में हिमाचल प्रदेश की अपनी कर राजस्व जुटाने की क्षमता पर भी सवाल उठाए गए हैं। प्रदेश का अपना कर राजस्व जीएसडीपी का लगभग 5.5 फीसदी रहने का अनुमान है, जबकि सभी राज्यों का औसत करीब 7 फीसदी है।

महाराष्ट्र में यह अनुपात 7.7 फीसदी, पंजाब में 7.2 फीसदी और कर्नाटक में 6.7 फीसदी बताया गया है। अपने राजस्व में कमी के कारण हिमाचल को खर्चों के लिए केंद्रीय करों में हिस्सेदारी और अन्य वित्तीय सहायता पर भी निर्भर रहना पड़ता है।

राजस्व घाटा जीएसडीपी का 2.4 फीसदी रहने का अनुमान

हिमाचल प्रदेश ने वित्त वर्ष 2026-27 के बजट में राजस्व घाटा जीएसडीपी का 2.4 फीसदी रहने का अनुमान लगाया है। रिपोर्ट के अनुसार, वर्ष 2025-26 में सभी राज्यों का संयुक्त राजस्व घाटा जीडीपी का 0.71 फीसदी रहा।

कोविड के बाद वर्ष 2022-23 में यह आंकड़ा 0.23 फीसदी तक आ गया था, लेकिन इसके बाद इसमें लगातार बढ़ोतरी दर्ज की गई है। देश के दस राज्यों में लगातार राजस्व घाटे की स्थिति बनी हुई है।

नकद सहायता योजनाओं पर भी खर्च

रिपोर्ट में महिलाओं, किसानों, बुजुर्गों, विधवाओं और दिव्यांगों को दी जाने वाली नकद सहायता योजनाओं का भी उल्लेख किया गया है। राज्यों ने वर्ष 2026-27 में बिना शर्त नकद हस्तांतरण योजनाओं पर कुल चार लाख करोड़ रुपये खर्च करने का अनुमान लगाया है।

हिमाचल प्रदेश अपनी राजस्व प्राप्तियों का लगभग 2 फीसदी हिस्सा ऐसी योजनाओं पर खर्च करने का अनुमान लगा रहा है। वहीं, पश्चिम बंगाल, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना समेत नौ राज्य अपनी राजस्व प्राप्तियों का 10 फीसदी से अधिक हिस्सा इन योजनाओं पर खर्च कर रहे हैं।

सरकार ने क्या कहा?

प्रदेश के राजस्व का बड़ा हिस्सा कर्मचारियों और पेंशनरों की देनदारियों पर खर्च होने के मुद्दे पर मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार नरेश चौहान ने कहा कि पिछली सरकारों के समय से चली आ रही देनदारियों को भी वर्तमान सरकार वहन कर रही है। इसके बावजूद विकास कार्यों के लिए बजट का प्रबंध किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने पिछले चार वर्षों में 3,000 करोड़ रुपये की अतिरिक्त आय अर्जित की है। उन्होंने यह भी कहा कि जीएसटी और राजस्व घाटा अनुदान से जुड़े बदलावों का पहाड़ी राज्य को नुकसान हुआ है।

रिपोर्ट के आंकड़े प्रदेश की वित्तीय चुनौतियों को सामने रखते हैं। बढ़ते कर्ज, सीमित राजस्व और वेतन-पेंशन जैसे नियमित खर्चों के बीच विकास कार्यों के लिए पर्याप्त संसाधन जुटाना हिमाचल सरकार के लिए बड़ी चुनौती बना हुआ है।