हिमाचल प्रदेश में सर्दी का असर लगातार बढ़ने लगा है। सुबह और शाम के समय मैदानी व निचले पहाड़ी क्षेत्रों में घना कोहरा लोगों की परेशानी बढ़ा रहा है। मंडी और हमीरपुर के कई इलाकों में दृश्यता घटकर महज 20 से 30 मीटर तक रह गई है। वहीं, जनजातीय क्षेत्र ताबो में रात का तापमान गिरकर माइनस 6.1 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है।

मंडी-हमीरपुर में कोहरे से थमी रफ्तार

मंडी जिले की बल्ह घाटी में सुंदरनगर से गुटकर तक सुबह करीब साढ़े नौ बजे तक धुंध छाई रही। हमीरपुर के सुजानपुर, हमीरपुर और नादौन सहित कई क्षेत्रों में भी सुबह और शाम को कोहरे का असर देखने को मिल रहा है। कम दृश्यता के कारण वाहन चालकों को सड़क पर विशेष सतर्कता बरतने की जरूरत है।

29 नवंबर तक कोहरे का येलो अलर्ट

मौसम विज्ञान केंद्र ने 29 नवंबर तक जलाशयों के आसपास के क्षेत्रों में कोहरा छाने का येलो अलर्ट जारी किया है। सुबह के समय दृश्यता कम रहने की संभावना है। हालांकि, प्रदेश में अगले एक सप्ताह तक बारिश और बर्फबारी की संभावना नहीं जताई गई है। मौसम शुष्क बना रह सकता है।

दिन में धूप, फिर भी तापमान में गिरावट

बुधवार को प्रदेशभर में धूप खिली रही, लेकिन इसके बावजूद अधिकतम तापमान में एक से चार डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की गई। शिमला और पांवटा साहिब को छोड़कर प्रदेश के बाकी क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान नौ डिग्री सेल्सियस से नीचे रहा।

ऊना और बिलासपुर में अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। भुंतर में 25.4, मंडी में 23.4 और कांगड़ा में 23.3 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड हुआ।

ताबो में माइनस 6.1 डिग्री तक पहुंचा पारा

प्रदेश के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में रात के तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है। ताबो में न्यूनतम तापमान माइनस 6.1 डिग्री सेल्सियस रहा। कुकुमसेरी में माइनस 3.7 और केलांग में माइनस 1.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ।

सुंदरनगर, सोलन, मनाली और कल्पा सहित कई क्षेत्रों में रात का पारा पांच डिग्री सेल्सियस से नीचे रहा। सुबह और शाम की ठंड के साथ कोहरे ने प्रदेश में सर्दी का असर और बढ़ा दिया है।