शिमला। हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में गोल्ड ट्रेडिंग के नाम पर साइबर ठगी का बड़ा मामला सामने आया है। साइबर ठगों ने एक सेवानिवृत्त बुजुर्ग अधिकारी को पहले छोटी रकम पर मुनाफा दिखाकर अपने जाल में फंसाया और फिर उनसे किस्तों में 1.29 करोड़ रुपये ठग लिए। साइबर क्राइम सेल ने शिकायत मिलने के बाद अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, शिमला निवासी बुजुर्ग ने सोशल मीडिया पर गोल्ड ट्रेडिंग और शेयर बाजार में निवेश से जुड़ा एक विज्ञापन देखा था। विज्ञापन में निवेश के लिए तकनीकी प्रशिक्षण देने की बात कही गई थी। इसके बाद उन्होंने विज्ञापन में दिए गए लिंक पर क्लिक किया, जहां से उन्हें एक व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ दिया गया।

10 हजार रुपये लगाकर जीता भरोसा

व्हाट्सएप ग्रुप में कुछ दिनों तक शेयर बाजार और गोल्ड ट्रेडिंग में निवेश के तरीके बताए गए। इसी दौरान बुजुर्ग को निवेश करने के लिए प्रेरित किया गया। शुरुआत में उन्होंने 10 हजार रुपये लगाए। कुछ ही दिनों में यह रकम बढ़कर 20 हजार रुपये हो गई और उन्हें यह राशि वापस भी मिल गई।

शुरुआती मुनाफा देखकर बुजुर्ग का भरोसा बढ़ गया। उन्हें लगा कि निवेश का यह तरीका सही है और इससे अच्छा लाभ कमाया जा सकता है। इसी भरोसे का फायदा उठाकर साइबर ठगों ने उन्हें बड़ी रकम निवेश करने के लिए तैयार कर लिया।

किस्तों में जमा करवाए 1.29 करोड़ रुपये

शुरुआती निवेश के बाद बुजुर्ग ने एक के बाद एक कई किस्तों में रकम ठगों के बताए बैंक खातों में ट्रांसफर कर दी। इस तरह उनकी जीवनभर की जमा पूंजी के 1.29 करोड़ रुपये साइबर अपराधियों के पास पहुंच गए।

ठगी के दौरान आरोपियों ने उन्हें बताया कि भारत सहित वैश्विक बाजारों में गिरावट के कारण निवेश में नुकसान हुआ है। साथ ही भरोसा दिलाया कि नुकसान की भरपाई हो जाएगी, लेकिन इसके लिए और रकम जमा करनी होगी।

जब पीड़ित को अपने साथ हुई धोखाधड़ी का एहसास हुआ, तो उन्होंने साइबर क्राइम हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज करवाई। इसके बाद साइबर क्राइम थाना शिमला में अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की गई।

गोल्ड और शेयर ट्रेडिंग के नाम पर ठगी से रहें सावधान

पुलिस ने लोगों से सोशल मीडिया पर मिलने वाले निवेश प्रस्तावों को लेकर सतर्क रहने की अपील की है। अनजान व्हाट्सएप या टेलीग्राम ग्रुप में मिलने वाली ट्रेडिंग टिप्स और कम समय में रकम दोगुनी करने के वादों पर भरोसा न करें।

किसी अनजान व्यक्ति, लिंक या अनधिकृत प्लेटफॉर्म के माध्यम से निवेश करने से पहले उसकी पूरी जांच करें। किसी भी व्यक्ति के निजी बैंक खाते या यूपीआई पर निवेश के नाम पर पैसे ट्रांसफर न करें।

यदि आपके साथ साइबर ठगी होती है, तो तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज करवाएं। समय रहते शिकायत करने से ठगी की रकम को रोकने या वापस पाने की संभावना बढ़ सकती है।