शिमला। हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट ने सरकारी कर्मचारियों की पदोन्नति से जुड़े एक महत्वपूर्ण मामले में फैसला सुनाते हुए स्पष्ट किया है कि यदि किसी कर्मचारी ने प्रतिनियुक्ति के दौरान अपने मूल पद से उच्च पद की जिम्मेदारी संभाली है, तो पदोन्नति के समय उस अवधि की वार्षिक गोपनीय रिपोर्ट (एसीआर) को एक स्तर ऊपर ग्रेड किया जाना चाहिए।

न्यायमूर्ति जिया लाल भारद्वाज ने राकेश कुमार की याचिका का निपटारा करते हुए राज्य सरकार को तीन महीने के भीतर समीक्षा विभागीय पदोन्नति समिति (रिव्यू डीपीसी) आयोजित करने के निर्देश दिए हैं। अदालत ने कहा कि उच्च पद पर दी गई सेवाओं को ध्यान में रखते हुए उनकी एसीआर अपग्रेड कर पदोन्नति के मामले पर दोबारा विचार किया जाए।

क्या है पूरा मामला?

गृह रक्षा, नागरिक सुरक्षा एवं अग्निशमन सेवाएं विभाग में वरिष्ठ स्टाफ अधिकारी रहे राकेश कुमार ने 20 अगस्त 2001 से 8 मई 2003 तक प्रतिनियुक्ति पर डीआईजी (जेल) के पद पर सेवाएं दी थीं।

वर्ष 2006 में विभागीय पदोन्नति समिति की बैठक के दौरान इस अवधि की उनकी एसीआर को अपग्रेड नहीं किया गया। इसके परिणामस्वरूप उनसे कनिष्ठ अधिकारी को 24 मार्च 2006 को पदोन्नति मिल गई।

याचिकाकर्ता ने इस निर्णय को चुनौती देते हुए अदालत का दरवाजा खटखटाया था।

वेतनमान नहीं मिलने का तर्क अदालत ने किया खारिज

सुनवाई के दौरान राज्य सरकार की ओर से तर्क दिया गया कि राकेश कुमार को डीआईजी (जेल) पद का वेतनमान नहीं मिला था, इसलिए उनकी एसीआर को उच्च स्तर पर ग्रेड नहीं किया गया।

हाईकोर्ट ने सरकार की इस दलील को स्वीकार नहीं किया। अदालत ने माना कि उच्च पद की जिम्मेदारी निभाने के बावजूद केवल वेतनमान नहीं मिलने के आधार पर एसीआर अपग्रेडेशन से वंचित करना मनमाना है। यह संविधान के अनुच्छेद 14 और 16 के तहत समानता एवं समान अवसर के अधिकार का उल्लंघन है।

तीन महीने में रिव्यू डीपीसी करने के निर्देश

हाईकोर्ट ने राज्य सरकार को निर्देश दिए हैं कि तीन महीने के भीतर रिव्यू डीपीसी आयोजित कर याचिकाकर्ता के पदोन्नति मामले पर पुनर्विचार किया जाए। उनकी डीआईजी (जेल) पद पर दी गई सेवाओं को ध्यान में रखते हुए संबंधित अवधि की एसीआर को एक स्तर ऊपर मानकर मूल्यांकन किया जाए।

अदालत ने यह भी स्पष्ट किया कि यदि समीक्षा डीपीसी में याचिकाकर्ता पदोन्नति के लिए योग्य पाए जाते हैं, तो उन्हें 24 मार्च 2006 से नोशनल पदोन्नति का लाभ दिया जाए।

पेंशन संशोधन और वित्तीय लाभ भी मिल सकते हैं

राकेश कुमार 31 अगस्त 2016 को सेवानिवृत्त हुए थे। अदालत ने निर्देश दिया कि यदि रिव्यू डीपीसी में वह पदोन्नति के पात्र पाए जाते हैं, तो उनकी सेवानिवृत्ति के बाद 1 सितंबर 2016 से पेंशन में संशोधन सहित वास्तविक वित्तीय लाभ दिए जाएं।

हालांकि, उनके कनिष्ठ अधिकारी की नियुक्ति रद्द करने का आदेश नहीं दिया गया, क्योंकि वह 30 सितंबर 2007 को सेवानिवृत्त हो चुके थे।

हाईकोर्ट का यह फैसला उन सरकारी कर्मचारियों के लिए महत्वपूर्ण है, जिन्होंने प्रतिनियुक्ति के दौरान उच्च पद की जिम्मेदारियां निभाईं, लेकिन पदोन्नति के समय एसीआर अपग्रेडेशन नहीं मिलने के कारण उनके अवसर प्रभावित हुए।