
हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट के आदेशों के बाद लंदन से पढ़कर आए एक छात्र को हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय में एलएलबी में दाखिला मिल गया है। न्यायाधीश अजय मोहन गोयल के निर्देशों के बाद विश्वविद्यालय ने छात्र को एलएलबी में बिना किसी शर्त के प्रवेश दे दिया है। याचिकाकर्ता ने अदालत से एलएलबी की काउंसलिंग प्रक्रिया पूरी करने और दाखिला देने के निर्देश की मांग की थी, जिसे अदालत ने स्वीकार किया।
बता दें कि याचिकाकर्ता ने यूनिवर्सिटी ऑफ वेस्ट लंदन (यूनाइटेड किंगडम) से वर्ष 2021 में बैचलर ऑफ म्यूजिक इन म्यूजिक परफॉर्मेंस और रिकॉर्डिंग में बैचलर डिग्री की। लेकिन हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय की ओर से इस योग्यता को स्वीकार नहीं किया गया और छात्र को एलएलबी में दाखिला देने से मना कर दिया। छात्र ने इस फैसले को याचिका के माध्यम से हाईकोर्ट में चुनौती थी। सुनवाई के दौरान कोर्ट ने विश्वविद्यालय को याचिकाकर्ता की योग्यता के संबंध में इक्विलेंस कमेटी के निर्णय से अवगत कराने का निर्देश दिया था और चेतावनी दी कि मामले की तत्कालीनता को देखते हुए कोई और समय नहीं दिया जाएगा।
वीरवार को हुई सुनवाई के दौरान कोर्ट को सूचित किया गया कि विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) की ओर से जारी समकक्षता परिणाम पत्र के अनुसार याचिकाकर्ता की संगीत की डिग्री को भारत में बैचलर डिग्री राष्ट्रीय क्रेडिट फ्रेमवर्क स्टार 5.5 के समक्ष तुलनीय माना गया है। याचिकाकर्ता के अधिवक्ता की ओर से कोर्ट को बताया गया कि इस समकक्षता प्रमाण पत्र के मिलने के बाद याचिकाकर्ता को एलएलबी पाठ्यक्रम में दाखिला दे दिया गया है, इसके बाद कोर्ट ने याचिका का निपटारा कर दिया।
