हिमाचल की स्वास्थ्य सेवाओं के इतिहास में सोमवार का दिन मील का पत्थर साबित होगा। राजधानी शिमला के चमियाना स्थित अटल सुपर स्पेशलिटी आयुर्विज्ञान संस्थान (एआईएमएसएस) में प्रदेश की पहली रोबोटिक सर्जरी होगी। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू सोमवार को इसका औपचारिक उद्घाटन करेंगे। इस अवसर पर रोबोटिक तकनीक से चार जटिल ऑपरेशन किए जाएंगे। इनमें से एक प्रोस्टेट कैंसर, दो किडनी ट्यूमर और एक नॉन-फंक्शनिंग किडनी की सर्जरी शामिल है। 29 करोड़ की लागत से चमियाना अस्पताल में अत्याधुनिक मशीन स्थापित की गई है।

अभी तक राज्य के मरीजों को ऐसी सर्जरी के लिए दिल्ली, चंडीगढ़ या अन्य बड़े शहरों के अस्पतालों में जाना पड़ता था। अब हिमाचल के मरीजों को अपने ही राज्य में इलाज मिलेगा। संजय गांधी स्नातकोत्तर आयुर्विज्ञान संस्थान लखनऊ के यूरोलॉजी विभाग के प्रमुख डॉ. अनंत कुमार की देखरेख में चमियाना अस्पताल के यूरोलॉजी विभाग के प्रमुख डॉ. पंपोष रैना और डॉ. नवीन कौंडल इस तकनीक का संचालन करेंगे। वे पहले ही एम्स जैसे संस्थानों में रोबोटिक सर्जरी का प्रशिक्षण ले चुके हैं। अस्पताल प्रशासन का कहना है कि इस तकनीक का उपयोग यूरोलॉजी, ऑन्कोलॉजी, गायनाकोलॉजी और अन्य जटिल सर्जरी में किया जाएगा।