हिमाचल में भारी बारिश, भूस्खलन और पेड़ गिरने से नुकसान और दुश्वारियों का दौर जारी है। चंबा जिले के चुराह उपमंडल की ग्राम पंचायत चांजू में चूरसेउ के समीप मंगलवार सुबह चलती निजी बस पर पहाड़ी से भारी भरकम पत्थर गिर गया। इससे तीन यात्री घायल हो गए। पठानकोट-चंबा हाईवे भी दुनेरा के समीप धंसने से सुबह 6 घंटे बंद रहा और मणिमहेश यात्रा पर निकले पंजाब के श्रद्धालुओं समेत अन्य लोग फंसे रहे। दोपहर 12 बजे हाईवे छोटी गाड़ियों के लिए बहाल हुआ। सराज के भनवास में मंगलवार शाम पांच बजे लकड़ी की अस्थायी पुलिया से गिरकर बुजुर्ग खड्ड में सौ मीटर तक बह गया। लोगों ने उसे अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तब तक दम तोड़ दिया था।

राजधानी शिमला में एक दर्जन पेड़ गिरने से पांच वाहन क्षतिग्रस्त हुए हैं। ढारा गिरने से 6 मजदूर बाल-बाल बचे। मंडी के गैहरी और भ्यूली में कारों पर पत्थर गिर गए। इससे वाहन चालक बाल-बाल बचे, जबकि वाहनों को नुकसान पहुंचा है। टनिपरी गांव के नौ परिवार बिजली बोर्ड की कॉलोनी में शिफ्ट किए गए हैं। पहाड़ी से पत्थर गिरने पर कालका-शिमला एनएच मंगलवार को दिन भर प्रभावित रहा। एक लेन से ही वाहनों की आवाजाही हुई। भूस्खलन से रामपुर का दारन गांव खतरे की जद में आ गया हैं।

मंगलवार शाम तक प्रदेश में दो एनएच सहित 330 सड़कें, 198 बिजली ट्रांसफार्मर और 141 पेयजल योजनाएं प्रभावित रहीं। मंडी में जोगणी मोड़ के पास सोमवार रात लगभग 9 बजे पहाड़ी से पत्थर गिरने के कारण बाधित चंडीगढ़-मनाली नेशनल हाईवे मंगलवार सुबह 10 घंटे बाद बहाल हुआ। धर्मशाला क्षेत्र में धुंध छाई रही। ऐसे में मंगलवार को गगल हवाई अड्डा पर सभी उड़ानें रद्द रहीं। ऊना जिले में सोमवार देर रात और मंगलवार सुबह कई स्थानों पर बारिश हुई। कालका-शिमला रेलवे ट्रैक पर कोटी रेलवे स्टेशन के पास सुबह 11:30 बजे पत्थर और मलबा आ गया। इससे हिमालयन क्वीन ट्रेन लेट 45 मिनट लेट हो गई। भारी बारिश से रामपुर उपमंडल के दुर्गम गांव दारन में भूस्खलन से जमीन धंसने लगी है। इससे करीब 300 लोगों की आबादी पर खतरा मंडरा रहा है। गांव को जोड़ने वाली सड़क भी धंस चुकी है और यातायात ठप है। चार पंचायतों को जोड़ने वाली तकलेच-देवठी सड़क सेरीपुल के पास बहाल नहीं हो पाई है।

मौसम विभाग ने बुधवार और वीरवार को भी हिमाचल के कई क्षेत्रों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी हुआ है। 15 अगस्त को अधिकांश क्षेत्रों में मौसम साफ रहने और कुछ जगह हल्की बारिश का पूर्वानुमान है।

नगरोटा सूरियां180.2
गुलेर161.2
घमरूर112.2
नादौन78.5
देहरा गोपीपुर 76.2
जोगिंद्रनगर74.0
कांगड़ा73.8
भरेड़ी70.2
पालमपुर69.0
सुजानपुर टिहरा66.0
शिलारू54.0