श्री लाल बहादुर शास्त्री मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल नेरचौक को बम से उड़ाने की धमकी मिली है, उसकी प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि यह धमकी यहां के लिए नहीं बल्कि तमिलनाडु के सीएम ऑफिस और वहां के एक मेडिकल कॉलेज के लिए दी गई है। लेकिन यह ईमेल मेडिकल कॉलेज नेरचौक की अधिकारिक ईमेल आईडी पर प्राप्त हुई जिस कारण यहां हड़कंप मच गया और एहतियात के तौर पर परिसर को खाली करवा दिया गया।

धमकी भरे इस ईमेल की एक कॉपी एसपी मंडी और एसएचओ सदर को भी भेजी गई है। जिसके चलते ही पुलिस और प्रशासन ने एहतिआत के तौर पर सभी प्रभावी कदम उठाकर कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस और प्रशासन की टीमों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर अस्पताल को खाली करवाकर पूरे परिसर की जांच शुरू कर दी है। बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वायड की टीमें भी मौके पर पहुंच गई हैं और कॉलेज व अस्पताल परिसर में जांच शुरू कर दी गई है।

जो ईमेल भेजी गई है उसे अन्ना यूनिवर्सिटी के छात्रों और पूर्व छात्रों के नाम से जारी किया गया है। इसमें तमिलनाडु के आरजीजीईसी मेडिकल कॉलेज और सीएम सचिवालय में बम विस्फोट की चेतावनी दी गई थी। ईमेल में लिखा गया है कि पहले कॉलेज में और फिर 45 मिनट के अंदर सीएम ऑफिस में विस्फोटक उपकरण लगाए जाएंगे। इसमें नेरचौक मेडिकल कॉलेज का नाम कहीं पर भी नहीं लिखा है। ईमेल में धमकी के अलावा, दलालों, पत्रकारों और राजनीतिक नेताओं पर भी गंभीर आरोप लगाए गए हैं, और अनाथ आश्रम के बच्चों का भी जिक्र है।

बता दें कि इससे पहले भी प्रदेश सचिवालय, हाइकोर्ट, डीसी मंडी के ऑफिस सहित प्रदेश के कई प्रमुख सरकारी संस्थानों को बम से उड़ाने की इस तरह की धमकियां मिल चुकी हैं। सभी जगहों पर एहतिआत के तौर पर प्रशासन द्वारा पूरी जांच पड़ताल करवाई गई और बाद में कुछ भी नहीं मिला था। अभी तक इस व्यक्ति या गिरोह को नहीं पड़का जा सका है जो इस तरह की ईमेल भेजकर धमकियां दे रहा है