
12वीं कक्षा की वार्षिक परीक्षाओं के परिणाम का इंतजार कर रहे छात्रों के लिए अहम अपडेट सामने आया है। बोर्ड द्वारा उत्तरपुस्तिकाओं के मूल्यांकन का कार्य तेजी से अंतिम चरण में पहुंच चुका है।
जानकारी के अनुसार, अब तक करीब 80 से 85 फीसदी कॉपियों का मूल्यांकन पूरा हो चुका है। हालांकि, पहले जारी शेड्यूल के अनुसार यह कार्य 22 अप्रैल तक पूरा होना था, लेकिन बीच में आई छुट्टियों के कारण प्रक्रिया में थोड़ी देरी हो गई।
प्रदेशभर में बनाए गए 41 मूल्यांकन केंद्रों पर 5,000 से अधिक शिक्षक कॉपियों की जांच में जुटे हुए हैं। अब केवल वही केंद्र बचे हैं जहां अधिक संख्या में उत्तरपुस्तिकाएं जांच के लिए भेजी गई थीं।
बोर्ड सचिव डॉ. मेजर विशाल शर्मा ने बताया कि मूल्यांकन कार्य अंतिम चरण में है और इसे जल्द पूरा करने के प्रयास जारी हैं। बोर्ड की कोशिश है कि 30 अप्रैल 2026 तक 12वीं कक्षा का परिणाम घोषित कर दिया जाए।
छात्र अपना रिजल्ट बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर चेक कर सकेंगे।
