आईसीसी का आठ साल का क्रिकेट कार्यक्रम जारी
क्रिकेट की वैश्विक संस्था आईसीसी ने 2035 तक के लिए पुरुष ग्लोबल क्रिकेट कैलेंडर जारी कर दिया है।

आईसीसी की बैठक इंडोनेशिया के बाली में हुई, जिसमें 2035 तक के कैलेंडर को अंतिम मंजूरी दी गई है। इसके तहत भारत 2029 में चैंपियंस ट्रॉफी की मेजबानी करेगा और 2031 में संयुक्त रूप से वनडे विश्व कप की मेजबानी करेगा। इस शेड्यूल में आईसीसी पुरुष टी20 विश्व कप, वनडे विश्व कप, चैंपियंस ट्रॉफी और विश्व टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल शामिल हैं। कार्यक्रम के अनुसार, 2028 में ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड संयुक्त रूप से टी-20 विश्व कप की मेजबानी करेंगे। इसके बाद 2030 में इंग्लैंड, आयरलैंड और स्कॉटलैंड इस टूर्नामेंट की संयुक्त मेजबानी करेंगे। टी-20 विश्व कप के अगले संस्करण 2032 और 2034 में आयोजित किए जाएंगे।
इंग्लैंड में डब्ल्यूटीसी के दो और फाइनल
विश्व टेस्ट चैंपियनशिप का फाइनल पहले की तरह हर दो साल में जून महीने में आयोजित किया जाएगा।

इंग्लैंड को 2029 और 2031 के फाइनल की मेजबानी सौंपी गई है।
घरेलू मैदान पर चैंपियंस ट्रॉफी खिताब बचाने का मौका
आईसीसी पुरुष चैंपियंस ट्रॉफी का अगला संस्करण 2029 में भारत में खेला जाएगा। टूर्नामेंट नौ से 28 अक्तूबर तक होगा। इसके बाद 2033 में चैंपियंस ट्रॉफी का अगला संस्करण खेला जाएगा। भारत को 2006 के बाद पहली बार चैंपियंस ट्रॉफी की मेजबानी के अधिकार मिले हैं। भारत चैंपियंस ट्रॉफी का मौजूदा चैंपियन है और अब उसके पास अपने घरेलू दर्शकों के सामने अपना खिताब बरकरार रखने का मौका होगा।


नौ अक्तूबर, 2031 से खेला जाएगा विश्व कप
अगले साल दक्षिण अफ्रीका में होने वाले वनडे विश्व कप के बाद यह टूर्नामेंट 2031 में भारतीय उपमहाद्वीप में लौटेगा। भारत और बांग्लादेश संयुक्त रूप से नौ अक्तूबर से 23 नवंबर 2031 तक पुरुष क्रिकेट विश्व कप की मेजबानी करेंगे। इससे पहले, 2023 में वनडे विश्व कप की मेजबानी भारत को मिली थी, जहां टीम फाइनल तक पहुंची और अहमदाबाद में ऑस्ट्रेलिया से हार गई थी। इसके बाद 2035 में भी वनडे विश्व कप का आयोजन अक्तूबर-नवंबर के दौरान होगा। हालांकि, इस संस्करण के मेजबान देश का एलान अभी नहीं किया गया है।