शिमला। हिमाचल प्रदेश में मधुमेह यानी डायबिटीज के मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। सबसे ज्यादा चिंता की बात यह है कि अब यह बीमारी केवल बुजुर्गों तक सीमित नहीं रही, बल्कि युवा भी तेजी से इसकी चपेट में आ रहे हैं। इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज (IGMC) शिमला के सर्वे में सामने आया है कि प्रदेश में मधुमेह के कुल मरीजों में 22.33 फीसदी युवा हैं। वहीं, प्रदेश में मधुमेह का अनुपात 14.5 फीसदी आंका गया है, जबकि राष्ट्रीय औसत 11.7 फीसदी है। इस तरह हिमाचल राष्ट्रीय औसत से 2.8 प्रतिशत अंक आगे है।

1,482 मरीजों पर किया गया सर्वे

आईजीएमसी के मेडिसिन विभाग के चिकित्सकों ने वर्ष 2024 से 2026 के बीच प्रदेश के 1,482 मधुमेह मरीजों पर सर्वे किया। इसमें कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं।

सर्वे के अनुसार कुल मरीजों में 22.33 फीसदी युवा वर्ग के हैं, जबकि 77.66 फीसदी मरीज 40 वर्ष से अधिक आयु के हैं। कई मरीज ऐसे भी पाए गए, जो सात साल से अधिक समय से इस बीमारी से पीड़ित हैं। कुछ मरीजों में रक्त शर्करा का स्तर काफी अनियंत्रित पाया गया।

रोजाना IGMC में पहुंच रहे 5 से 7 नए मरीज

प्रदेश के अस्पतालों में हर दिन मधुमेह के नए मरीज उपचार के लिए पहुंच रहे हैं। आईजीएमसी शिमला की ओपीडी में भी प्रतिदिन पांच से सात नए मरीज सामने आ रहे हैं। चिकित्सकों के अनुसार समय पर उपचार नहीं लेने और शुगर का स्तर नियंत्रित नहीं रखने से हृदय, किडनी, आंखों और शरीर के अन्य महत्वपूर्ण अंगों पर गंभीर प्रभाव पड़ सकता है।

6 फीसदी मरीज घरेलू तरीकों के भरोसे

सर्वे में एक और चिंताजनक बात सामने आई है। करीब छह फीसदी मरीज उपचार के लिए घरेलू तरीकों पर निर्भर पाए गए। इसके अलावा कई मरीजों का ब्लड प्रेशर और कोलेस्ट्रॉल भी नियंत्रित नहीं था।

चिकित्सकों का कहना है कि केवल शुगर ही नहीं, बल्कि ब्लड प्रेशर और कोलेस्ट्रॉल को नियंत्रित रखना भी बेहद जरूरी है। लंबे समय तक अनियंत्रित मधुमेह शरीर के महत्वपूर्ण अंगों को नुकसान पहुंचा सकता है।

युवाओं में बढ़ते मामले चिंता का विषय

आईजीएमसी के प्रोफेसर डॉ. जीतेंद्र मोक्टा ने बताया कि प्रदेशभर में मधुमेह के मरीजों को लेकर सर्वे किया गया है। इसमें सबसे चिंताजनक बात यह सामने आई है कि युवा भी तेजी से इस बीमारी की चपेट में आ रहे हैं। उन्होंने मधुमेह के मामलों में युवाओं की बढ़ती भागीदारी को गंभीरता से लेने की आवश्यकता बताई।

समय पर जांच और उपचार जरूरी

विशेषज्ञों के अनुसार मधुमेह को नजरअंदाज करना भविष्य में गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं का कारण बन सकता है। इसलिए नियमित रूप से ब्लड शुगर की जांच करवाना और डॉक्टर की सलाह के अनुसार उपचार लेना जरूरी है। स्वस्थ खानपान, नियमित शारीरिक गतिविधि और समय पर स्वास्थ्य जांच से बीमारी को नियंत्रित रखने में मदद मिल सकती है।

हिमाचल में युवाओं के बीच बढ़ते मधुमेह के मामले अब स्वास्थ्य विभाग और आम लोगों के लिए चिंता का विषय बनते जा रहे हैं।