छोटी काशी मंडी में कांग्रेस सरकार के कार्यकाल के तीन साल पूरे होने पर बड़ी रैली कर मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने अपने विरोधियों को बड़ी लड़ाई की चुनौती दे डाली। विधानसभा में विपक्ष के पास सबसे ज्यादा 10 में से नौ सीटें इसी जिला से हैं, जो पूरे भाजपा विधायक दल का लगभग एक तिहाई हिस्सा है। मंडी नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर का भी गृह जिला है। सुक्खू ने युद्ध की शुरुआत का एलान करते हुए हुए पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को ही निशाने पर लिया। भाजपा का किला माने जाने वाले मंडी में इस जिला से कांग्रेस के समर्थन में हजारों की संख्या में और प्रदेशभर से बड़ी तादाद में लोगों को लाकर कांग्रेस सरकार ने विपक्षी दल को 2027 के चुनाव केे लिए ललकारा है।

मुख्यमंत्री ने उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री को बड़ा भाई कहकर संबोधित किया तो कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष विनय कुमार को छोटा भाई कहा। मुकेश मंच पर तल्ख थे तो मुख्यमंत्री ने परिवार के मुखिया होने के बावजूद उन्हें बड़ा भाई कहकर भी राजनीतिक सूझबूझ का परिचय दिया।