
एचपीयू शिमला ने जून 2025 में ली एमएससी फिजिक्स प्रथम सेमेस्टर परीक्षा का परिणाम घोषित कर दिया है। विश्वविद्यालय की परीक्षा शाखा की ओर से जारी परिणाम के अनुसार रेगुलर बैच सीबीसीएस प्रणाली में इस वर्ष कुल 97.37 प्रतिशत विद्यार्थी पास हुए हैं। वहीं रि-अपीयरर नॉन-सीबीसीएस बैच का परिणाम 80 प्रतिशत रहा है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने बताया कि परिणाम विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड कर दिया गया है और विद्यार्थी अपने लॉगिन आईडी के माध्यम से परिणाम देख सकते हैं। परिणाम में कंपार्टमेंट मामलों को भी उत्तीर्ण प्रतिशत में शामिल किया गया है।x
विवि के परीक्षा नियंत्रक प्रो. श्याम लाल कौशल ने बताया कि परीक्षा परिणाम पारदर्शिता और समयबद्धता के साथ घोषित किया गया है। विश्वविद्यालय लगातार परीक्षा परिणामों को समय पर घोषित करने की दिशा में कार्य कर रहा है ताकि विद्यार्थियों की आगे की शैक्षणिक गतिविधियों में कोई बाधा न आए। इस संबंध में सभी संबद्ध कॉलेजों के प्राचार्यों और फिजिक्स विभागाध्यक्ष को सूचना भेज दी गई है। विश्वविद्यालय के वेब एडमिन को परिणाम अपलोड करने और जनसंपर्क अधिकारी को व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश जारी किए गए हैं। विश्वविद्यालय प्रशासन ने विद्यार्थियों से अपील की है कि वे अपने परिणामों की जांच निर्धारित पोर्टल पर करें और किसी प्रकार की त्रुटि या विसंगति पाए जाने पर तुरंत परीक्षा शाखा से संपर्क करें।
