हमीरपुर: हिमाचल प्रदेश में सड़क संपर्क को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। जल्द ही चंडीगढ़ से श्री बाबा बालकनाथ, श्री नैना देवी और श्री ज्वालाजी जाने वाले श्रद्धालुओं और यात्रियों का सफर पहले से अधिक आसान और तेज होने वाला है। इसके लिए नादौन विधानसभा क्षेत्र में कलूर से बिलासपुर के बागछाल तक प्रस्तावित 93 किलोमीटर लंबी सड़क का अपग्रेडेशन किया जाएगा। साथ ही धनेटा क्षेत्र में दो नए बाईपास भी बनाए जाएंगे।

प्रदेश सरकार ने बाईपास निर्माण के लिए चार गांवों की 1.7875 हेक्टेयर निजी भूमि के अधिग्रहण हेतु 1.98 करोड़ रुपये जारी कर दिए हैं। लोक निर्माण विभाग (PWD) को इस परियोजना की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) तैयार करने के निर्देश भी दिए गए हैं।योजना के तहत पहला बाईपास धनेटा में ऊना-बंगाणा मार्ग को लोक निर्माण विभाग के उपमंडलीय कार्यालय के पास जोड़ेगा, जबकि दूसरा करीब 1600 मीटर लंबा बाईपास भदरूं गौशाला तक बनाया जाएगा, जो धनेटा-बड़सर-मैहरे मार्ग से जुड़ेगा। इन दोनों बाईपास के बनने से धनेटा बाजार में ट्रैफिक का दबाव कम होगा और लोगों को सुगम आवाजाही मिलेगी।

पूरी परियोजना के तहत सड़क को 12 मीटर चौड़े कॉरिडोर के रूप में विकसित किया जाएगा। इसमें 7.5 मीटर चौड़ी पक्की सड़क, दोनों ओर पेव्ड ब्लॉक, ड्रेनेज सिस्टम और जहां संभव होगा वहां सजावटी व खुशबूदार पौधे लगाए जाएंगे। यह परियोजना विश्व बैंक की वित्तीय सहायता से प्रस्तावित है।

यह सड़क कलूर, अमलैहड़, धनेटा, ज्योली देवी, बड़सर, मैहरे, शाहतलाई, घराण, कलोल और जेजवीं होते हुए बागछाल पुल के पास किरतपुर-मनाली फोरलेन (NH-203) से जुड़ेगी। इसके लिए कवाथरू, धनेटा, अमरोहा और भदरूं गांवों की भूमि का अधिग्रहण किया जाएगा।

परियोजना पूरी होने के बाद चंडीगढ़ और पंजाब से आने वाले श्रद्धालु सीधे श्री नैना देवी पहुंच सकेंगे। वहां से शाहतलाई और दियोटसिद्ध में बाबा बालकनाथ के दर्शन कर नादौन होते हुए शिमला-कांगड़ा फोरलेन के रास्ते आसानी से श्री ज्वालाजी पहुंच सकेंगे। इससे धार्मिक पर्यटन और स्थानीय विकास को भी नई गति मिलने की उम्मीद है।

👉 पूरी खबर के लिए जुड़े रहें। हिमाचल की हर बड़ी और भरोसेमंद अपडेट सबसे पहले पाने के लिए हमारे साथ बने रहें।