हमीरपुर। बाबा बालक नाथ मंदिर दियोटसिद्ध में अब चढ़ावे की गणना के बाद राशि को तुरंत बैंक कर्मियों के हवाले किया जाएगा। मंदिर ट्रस्ट ने यह फैसला 29 सितंबर को हुई गड़बड़ी के बाद पारदर्शिता बढ़ाने के लिए लिया है।

अब हर शुक्रवार और सोमवार को चढ़ावे की गणना के दौरान ही बैंक कर्मी मंदिर के गणना कक्ष में पहुंचेंगे और सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में कैश को एकत्र करेंगे। पहले गणना के अगले दिन बैंक कर्मचारी मंदिर पहुंचकर राशि लेते थे, लेकिन अब गणना पूरी होते ही राशि उन्हें सौंपी जाएगी।

मंदिर ट्रस्ट के चेयरमैन कार्यालय ने नई व्यवस्था लागू कर दी है। अधिकारी वर्ग के अनुसार, गणना के बाद चढ़ावे की राशि को रातभर मंदिर में रखने से गड़बड़ी की संभावना बनी रहती थी। अब यह जोखिम समाप्त हो जाएगा और व्यवस्था पूरी तरह पारदर्शी बनेगी।

मंदिर अधिकारी संदीप चंदेल ने बताया कि चेयरमैन कार्यालय से मिले आदेशों के अनुसार, अब बैंक कर्मी उसी दिन मंदिर पहुंचकर चढ़ावे की राशि एकत्र करेंगे। यह बदलाव ट्रस्ट की ओर से श्रद्धालुओं के विश्वास को बनाए रखने और प्रशासनिक प्रक्रिया को और अधिक विश्वसनीय बनाने के लिए किया गया है