
राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने शिमला विंटर कार्निवल के समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की और प्रदेश में बढ़ते नशे के खतरे पर चिंता जताते हुए इससे निपटने के लिए एकजुट एवं निरंतर प्रयासों का आह्वान किया।
नववर्ष की सांस्कृतिक संध्या को संबोधित करते हुए राज्यपाल ने प्रत्येक नागरिक से संकल्प लेने का आग्रह किया कि वे स्वयं नशे से दूर रहें और दूसरों को भी इससे दूर रहने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने प्रदेशवासियों को नववर्ष 2026 की शुभकामनाएं देते हुए सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। इस अवसर पर लेडी गवर्नर जानकी शुक्ला भी उपस्थित रहीं।राज्यपाल ने कहा कि शिमला विंटर कार्निवल हिमाचल प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, प्राकृतिक सौंदर्य और प्रसिद्ध अतिथि सत्कार का सशक्त प्रतीक बन चुका है।
उन्होंने स्थानीय लोगों और पर्यटकों की उत्साहपूर्ण भागीदारी की सराहना करते हुए कहा कि कलाकारों की शानदार प्रस्तुतियों ने कार्निवल के तीसरे संस्करण को विशेष आकर्षण बनाया। उन्होंने नगर निगम शिमला एवं आयोजन समिति को सांस्कृतिक उत्सव के साथ सामाजिक जागरूकता को सफलतापूर्वक जोड़ने के लिए बधाई दी और कहा कि यह कार्निवल अब शिमला और प्रदेश की एक मजबूत सांस्कृतिक पहचान बन गया है।राज्यपाल ने कहा कि ऐसे उत्सवों के साथ पर्यावरण संरक्षण और सांस्कृतिक धरोहर के संरक्षण की जिम्मेदारी भी जुड़ी होती है।
उन्होंने संतुलित पर्यटन, प्रकृति व परंपराओं की रक्षा और सकारात्मक सोच को भविष्य के लिए आवश्यक बताया। युवाओं को नशे से बचाने के लिए जागरूकता और सामूहिक संकल्प को अनिवार्य बताते हुए उन्होंने स्वस्थ और नशामुक्त हिमाचल के निर्माण के लिए समाज से एकजुट होने का आह्वान किया।इससे पूर्व नगर निगम शिमला के महापौर सुरेंद्र चौहान ने राज्यपाल और लेडी गवर्नर को सम्मानित किया।
राज्यपाल ने ‘वॉयस ऑफ शिमला’ सीजन-3 के विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए, जिनमें प्रथम पुरस्कार 51,000 रुपये सौरव आत्री को, द्वितीय पुरस्कार 31,000 रुपये पूनम पंडित को तथा तृतीय पुरस्कार 21,000 रुपये सुभाष को प्रदान किया गया। उन्होंने शिमला विंटर कार्निवल स्मारिका का विमोचन भी किया।कार्यक्रम में प्रसिद्ध हास्य कलाकार अहसान कुरैशी और बॉलीवुड की जानी-मानी गायिका हेमा सरदेसाई की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां विशेष आकर्षण रहीं।इस अवसर पर स्थानीय विधायक हरीश जनारथा, उप महापौर उमा कौशल, राज्यपाल के सचिव सी.पी. वर्मा, उपायुक्त अनुपम कश्यप, पुलिस अधीक्षक संजीव गांधी, नगर आयुक्त भूपेंद्र आत्री सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
