
कांग्रेस की हिमाचल प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने कहा कि बोर्डों-निगमों में पार्टी के वफादार कार्यकर्ता जल्द एडजस्ट होंगे। इस संबंध में हाईकमान से आश्वासन मिला है। शुक्रवार को पत्रकार वार्ता में प्रतिभा सिंह ने यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि उन्होंने राहुल गांधी को बताया कि पार्टी कार्यकर्ता घर पर निराश बैठे हैं। युवाओं को आगे लाना भी जरूरी है। इस बार हाईकमान ने मांगों को गंभीरता से लिया है और आश्वस्त किया है कि जल्द तैनातियां होंगी। हाईकमान से कहा है कि प्रदेश अध्यक्ष ऐसा हो जिसकी स्वीकार्यता हो और ऐसे चेहरे को अध्यक्ष बनना जरूरी, जिसकी लोगों में पैठ हो, जिसे लोग पहचानते हो।
रिज मैदान पर पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की प्रतिमा के अनावरण के लिए मुख्यमंत्री से अपील की थी। पूरा प्रदेश चाहता है की राजा वीरभद्र सिंह की प्रतिमा रिज पर स्थापित हो और उन्हें सम्मान मिले। मौसम खुलते ही प्रतिमा का अनावरण करवाया जाएगा। हाईकमान भी समारोह में मौजूद रहेगा।
प्रतिभा सिंह ने कहा कि अध्यक्ष पद के लिए हमारा कोई दावा नहीं है, हमेशा से पार्टी की सेवा की है और आगे भी हर जिम्मेवारी को संभालने के लिए तैयार हैं। कहा कि पार्टी प्रदेश अध्यक्ष और संगठन के विस्तार में इतनी देरी क्यों हुई, मुझे इसकी जानकारी नहीं। मैंने व्यक्तिगत तौर पर इसे लेकर पार्टी राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और महासचिव वेणुगोपाल से बात की थी लेकिन मामला लटकता रहा। इस बार राहुल गांधी भी बैठक में खुद मौजूद थे तो उम्मीद है जल्द फैसला होगा।
संगठन ने तय किया था कि जो लोग सचिवालय जाकर अपने कामों के लिए मंत्रियों से नहीं मिल पाए, उनकी सुविधा के लिए मंत्री राजीव भवन में बैठेंगे। मंत्री क्यों नहीं बैठ पा रहे यह मुख्यमंत्री ही बता पाएंगे।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पद पर शिक्षा मंत्री राेहित ठाकुर की नियुक्ति की अटकलों ने राजनीति को गरमा दिया है। वीरवार को राज्य सचिवालय में विभागीय कामकाज की समीक्षा करने के बाद मीडिया से बात करते हुए शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने कहा कि व्यक्तिगत रूप से आलाकमान के आदेश को कोई नकार नहीं सकता। सभी नेताओं ने हाईकमान के सामने अपनी बात रखी है। उन्होंने कहा कि वह वर्तमान जिम्मेदारी से संतुष्ट हैं, लेकिन आलाकमान कोई भी जिम्मेदारी देता है तो उससे पीछे नहीं हटेंगे। रोहित ने कहा कि सभी मंत्रियों ने पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष और लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी के समक्ष दिल्ली में अपना पक्ष रखा है। सभी मंत्री अपनी मौजूदा जिम्मेदारी से संतुष्ट हैं। किसी को भी अगर आलाकमान कोई जिम्मेदारी देगा, तो वे उससे इनकार नहीं कर सकते। रोहित ठाकुर ने माना कि लंबे समय से कांग्रेस का संगठन न होने की वजह से पार्टी को नुकसान झेलना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि आने वाले पंचायत और शहरी निकाय चुनाव से पहले ही कार्यकारिणी का गठन बेहद आवश्यक है।
