

आज भारतीय जनता पार्टी सोलन मंडल की मासिक बैठक पार्टी कार्यालय कमलम में मंडल अध्यक्ष शैलेंद्र गुप्ता की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक की शुरुआत शोक प्रस्ताव से हुई, जिसमें हरिपुरधार में हुई बस दुर्घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्माओं को श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
बैठक में पिछले कार्यक्रमों की समीक्षा की गई तथा आगामी कार्यक्रमों को और अधिक प्रभावी बनाने हेतु रणनीति तय की गई। इस अवसर पर विकसित भारत रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण) वीबी_ जी राम जी अधिनियम-2025 को मिली मंजूरी का स्वागत किया गया। यह अधिनियम ग्रामीण क्षेत्रों के समग्र विकास की दृष्टि से एक तकनीकी एवं संरचनात्मक क्रांति सिद्ध होगा, जो विकसित भारत के निर्माण में विकसित गांवों की नई रूपरेखा प्रस्तुत करेगा।
हालांकि, यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि कांग्रेस पार्टी इस जनहितकारी अधिनियम का दुष्प्रचार कर लोगों को भ्रमित करने का प्रयास कर रही है। जहां मनरेगा के अंतर्गत 100 दिन का रोजगार मिलता था, वहीं इस नए अधिनियम के तहत अब 125 दिन के रोजगार की गारंटी प्रदान की गई है। कठिन समय में काम उपलब्ध न होने की स्थिति में बेरोजगारी भत्ता तथा निर्धारित मजदूरी से कम भुगतान होने पर अतिरिक्त राशि देने का भी प्रावधान किया गया है।
अधिनियम के अंतर्गत कम से कम 50% कार्य ग्राम पंचायतों के माध्यम से कराए जाएंगे, जिससे स्थानीय लोगों को अधिक अवसर मिलेंगे और गांवों की वास्तविक जरूरतों के अनुरूप विकास सुनिश्चित होगा। ग्राम सभा और ग्राम पंचायतें अपने गांव के विकास की योजना स्वयं तैयार करेंगी। इसके तहत तालाब, चेक डैम, स्कूल, अस्पताल, आंगनबाड़ी, सड़क, नालियां सहित अन्य आवश्यक ढांचों का निर्माण होगा। साथ ही गरीब परिवारों और स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी बहनों को आयवर्धक गतिविधियों से जोड़ा जाएगा। खेती से संबंधित आवश्यकताओं का भी समुचित ध्यान रखा गया है।
हर कार्य का सोशल ऑडिट अनिवार्य होगा, जिससे ग्रामीण स्वयं कार्यों की गुणवत्ता और पारदर्शिता का मूल्यांकन कर सकेंगे। बायोमेट्रिक उपस्थिति, मोबाइल ऐप, डैशबोर्ड और साप्ताहिक सार्वजनिक जानकारी जैसी आधुनिक तकनीकों से फर्जीवाड़े पर रोक लगेगी और प्रत्येक कार्य की सतत निगरानी संभव होगी।
यह अधिनियम नरेंद्र मोदी जी के विकसित गांव और ग्राम स्वराज के संकल्प को साकार करते हुए उसे देश के हर गांव तक पहुंचाने में मील का पत्थर सिद्ध होगा।
बैठक में मंडल महामंत्री धर्मेंद्र ठाकुर, संजय मलिक, उपाध्यक्ष अनिल करमचंद, दिनेश शुक्ला, कृष्णा ठाकुर, रेनू कलसी, प्रिया कंबोज, रिपुदमन, रचित साहनी, राज तिलक नेगी, बादल नाहर, राजू कुंद्रा, जगदीश गर्ग,अजय शर्मा, राहुल शर्मा, अभिषेक गुप्ता, समर शर्मा, संचित, यश खन्ना सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

