
आईपीएल के चार मैचों के सफल आयोजन के बाद अब अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम धर्मशाला में भारत और अफगानिस्तान के बीच आज वनडे मैच होने जा रहा है। हालांकि, सीरीज के पहले एकदिवसीय मैच में बारिश भी खलल डाल सकती है। धर्मशाला में सुबह रुक-रुक कर बारिश हो रही है। बारिश को देखते हुए मैदान प्रबंधन ने पिच और मैदान के संवेदनशील हिस्सों को कवर से ढक दिया है ताकि विकेट को सुरक्षित रखा जा सके। स्टेडियम में मौसम लगातार बदल रहा है। क्रिकेट प्रेमियों की नजरें अब मौसम पर टिकी हैं। यदि बारिश नहीं बढ़ती है तो मुकाबला समय पर शुरू होने की संभावना जताई जा रही है। वहीं एचपीसीए के ग्राउंड स्टाफ की ओर से मैदान को खेलने योग्य बनाए रखने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। दोपहर एक बजे टॉस होगा, जबकि डेढ़ बजे मैच की पहली गेंद फेंकी जाएगी। दर्शकों के लिए सुबह साढ़े दस बजे से स्टेडियम के गेट खुल जाएंगे। इसके बाद दर्शक अपने टिकट स्कैन कर स्टेडियम में एंट्री पा सकेंगे। करीब 22 हजार दर्शकों के बैठने की क्षमता वाले स्टेडियम में टिकटों की बिक्री ऑनलाइन जारी है। मैच से एक दिन पूर्व भी स्टेडियम के सभी स्टैंडों के टिकट ऑनलाइन उपलब्ध रहे।
धर्मशाला स्टेडियम में भारत और अफगानिस्तान टीमें पहली बार आमने-सामने होंगी। धर्मशाला स्टेडियम शनिवार को 11वें अंतरराष्ट्रीय एकदिवसीय मैच की मेजबानी करेगा, जबकि भारत की टीम यहां पर अपना छठा वनडे खेलेगी और अफगानिस्तान की टीम दूसरी बार वनडे खेलने के लिए मैदान में उतरेगी। भारतीय टीम के कप्तान शुभमन गिल और अफगानिस्तान की टीम हशमतुल्लाह शाहिदी की कप्तानी में मैदान में उतरेगी। तीन मैचाें की सीरीज में दोनों टीमों पर पहले मैच से ही बढ़त बनाने का दबाव होगा। भारतीय टीम में रोहित शर्मा को छोड़कर सभी युवा चेहरे हैं। इनमें अधिकतर खिलाड़ी धर्मशाला स्टेडियम में पहली बार वनडे मैच खेलेंगे। धर्मशाला में स्टेडियम के बाहर और अंदर सुरक्षा के लिए 700 से अधिक पुलिस और होमगार्ड के जवान तैनात रहेंगे। वहीं ड्रोन के माध्यम से भी नजर रखी जाएगी।
धर्मशाला स्टेडियम में एडवांस सब एयर सिस्टम से बारिश के बाद मैदान को करीब 15 से 20 मिनटों में फिर से खेलने के लिए तैयार कर दिया जाता है। इसके अलावा एचपीसीए स्टेडियम को सुखाने के लिए सुपर सोपर की व्यवस्था है।
