बुधवार को सुजानपुर टिहरा का आसमान भारतीय वायु सेना के लड़ाकू विमानों की गर्जना से गूंज उठा। सुबह करीब 10:45 बजे शुरू हुए एयर शो ने क्षेत्र में उत्साह का माहौल बना दिया।
एयर शो के पहले दिन सुजानपुर के विधायक कैप्टन रंजीत सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यार्थियों और स्कूल स्टाफ को इस भव्य आयोजन के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में इस तरह का आयोजन पहले कभी नहीं हुआ, जो इसे और खास बनाता है।
दो दिवसीय प्रस्तावित एयर शो के पहले दिन भारतीय वायु सेना की प्रसिद्ध सूर्यकिरण एरोबैटिक टीम ने हॉक विमानों के साथ शानदार करतब प्रस्तुत किए। चार हॉक विमान चंडीगढ़ से उड़ान भरकर सुजानपुर पहुंचे और आसमान में विभिन्न एरोबेटिक स्टंट दिखाकर दर्शकों का मन मोह लिया।
सुजानपुर स्कूल की प्रधानाचार्य ग्रुप कैप्टन रचना जोशी ने बताया कि एयर शो के दौरान विमान चंडीगढ़ और आदमपुर स्थित एयर फोर्स स्टेशनों से संचालित किए गए।
इस आयोजन को सफल बनाने में प्रशासन का भी पूरा सहयोग रहा। बड़ी संख्या में छात्र, शिक्षक और स्थानीय लोग इस अद्भुत नजारे के साक्षी बने।

