हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला के शोघी क्षेत्र में पत्नी की निर्मम हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोपी ने पहले पत्नी के सिर पर हथौड़े से हमला किया। इसके बाद उसके ही दुपट्टे से गला घोंटकर हत्या कर दी है। आरोपी यहीं नहीं रुका और घृणा की हदें पार करते हुए घर के आंगन में बने गड्ढे (अदरक का बीज रखने के लिए बनी खाती) में शव को फेंककर आग लगा दी। मृत महिला की पहचान गुलशन (28) पुत्री देवेंद्र निवासी गांव धरैंया डाकखाना साधूपुल तहसील कंडाघाट जिला सोलन के रूप में हुई है। पुलिस ने तोताराम उर्फ बॉबी निवासी गनपेरी के खिलाफ हत्या का केस दर्जकर छानबीन शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि वर्ष 2020 में गुलशन और तोताराम की शादी हुई थी। उनका एक चार साल का बेटा भी है।

तोताराम के माता-पिता का कुछ समय पहले निधन हो चुका है। ऐसे में पत्नी, पत्नी और बेटा ही घर पर रहते थे। बताया जा रहा है कि दोनों में कुछ महीनों से अनबन थी। एक महीने पहले ही पंचायत ने दोनों के बीच समझौता भी करवाया गया। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि बुधवार दोपहर 2:00 से 2:30 बजे के करीब गुलशन आंगनबाड़ी केंद्र से घर पहुंची। इसके बाद लोगों ने उसे बाहर आते नहीं देखा। शाम 4:00 बजे के करीब आसपड़ोस के लोगों ने घर के बाहर लाग की लपटें देखीं। इस दौरान आरोपी दौड़-दौड़कर कभी लकड़ियां तो कभी पेंट के खाली डिब्बे और अन्य सामान आग में फेंकता देखा गया। जब लोगों ने पूछा कि वह क्या कर रहा है तो उसने बताया कि वह कूड़ा जला रहा है। इसके बाद आरोपी चार साल के बच्चे को लेकर घर से निकल गया।