
हिमाचल प्रदेश के कई भागों में माैसम ने करवट बदली है। ऊना जिले में शुक्रवार सुबह भीषण गर्मी के बीच आसमान से राहत की फुहारें बरसीं। जिले में बारिश होने से लोगों को गर्मी से बड़ी राहत मिली है। शिमला सहित अन्य भागों में सुबह से बादल छाए हुए हैं। शिमला में बूंदाबांदी के साथ अंधड़ चल रहा है। माैसम में आए इस बदलाव से प्रदेश में लोगों को गर्मी से राहत मिली है। बीती रात को जोत में 9.0, कुकुमसेरी 6.8, केलांग 5.0, धर्मशाला 2.1, चंबा 2.0, भुंतर 1.6, देहरा गोपीपुर 1.4, ऊना 1.4 व पालमपुर में 1.4 मिलीमीटर बारिश हुई।
माैसम विज्ञान केंद्र शिमला ने 22 और 23 मई को प्रदेश में बारिश, अंधड़ और ओलावृष्टि का पूर्वानुमान जताया है। पांच जिलों चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और शिमला के लिए अंधड़ का ऑरेंज और अन्य के लिए येलो अलर्ट जारी हुआ है। पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता से 25 मई तक प्रदेश में कई जगह मौसम खराब रहने के आसार हैं। 26 मई से तीन दिन पूरे प्रदेश में माैसम साफ रहने के आसार हैं। विस्तारित अवधि पूर्वानुमान के अनुसार 29 से 4 जून तक के सप्ताह के कुछ दिनों के दाैरान राज्य में एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश होने की संभावना है।
राजधानी शिमला सहित प्रदेश के सभी क्षेत्रों में गुरुवार को भी गर्मी ने पसीना छुड़ाया। ऊना, बिलासपुर, कांगड़ा, हमीरपुर, मंडी, सिरमौर के कई क्षेत्रों में लू चली। पिछले 24 घंटों के दौरान ज्यादातर स्थानों पर अधिकतम तापमान सामान्य से 4 से 5 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। गुरुवार को भी ऊना प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा और अधिकतम तापमान 44.3, बिलासपुर-नेरी में 41 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। 2024 के बाद इन सभी क्षेत्रों में मई में सबसे अधिक पारा दर्ज हुआ। पहाड़ी इलाकों में सामान्य से अधिक तापमान दर्ज होने से लोगों को दिन के समय तेज धूप और उमस का सामना करना पड़ा।
शिमला में न्यूनतम तापमान 20.5, सुंदरनगर 20.8, भुंतर 17.4, कल्पा 12.8, ऊना 20.2, नाहन 21.9, केलांग 7.7, पालमपुर 17.5, सोलन 19.0, मनाली 16.0, कांगड़ा 23.2, मंडी 21.9 , बिलालपुर 24.0, चंबा 18.9, डलहाैजी 12.9, जुब्बड़हट्टी 22.8, कुफरी 15.2, कुकुमसेरी 5.7, सेऊबाग 15.8, बरठीं 20.0, पांवटा साहिब 27.0, सराहन 13.7, देहरा गोपीपुर 23.0, ताबो 6.8 व नेरी में 21.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
