
लाहौल-स्पीति: हिमाचल प्रदेश के लाहौल-स्पीति जिले में बन रही शिंकुला डबल ट्यूब टनल का निर्माण कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है। दुनिया की सबसे ऊंची डबल टनल मानी जा रही इस सामरिक परियोजना में नॉर्थ पोर्टल से दोनों सुरंगों में करीब 800-800 मीटर खुदाई पूरी कर ली गई है। परियोजना को वर्ष 2029 तक तैयार करने का लक्ष्य रखा गया है।
15,800 फीट से अधिक ऊंचाई पर बन रही सुरंग
शिंकुला टनल निमू-पदम-दारचा सड़क पर करीब 15,800 फीट से अधिक की ऊंचाई पर बनाई जा रही है। लगभग 4.1 किलोमीटर लंबी यह ट्विन-ट्यूब सुरंग होगी, यानी यातायात के लिए दो अलग-अलग ट्यूब बनाई जा रही हैं।
इस परियोजना का निर्माण सीमा सड़क संगठन (BRO) की देखरेख में किया जा रहा है। टनल के निर्माण पर करीब 1,681 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है।
कठिन मौसम के बीच जारी है काम
टनल निर्माण स्थल पर मौसम बेहद चुनौतीपूर्ण है। यहां सुबह और शाम तापमान माइनस 16 डिग्री तक पहुंच रहा है, जबकि रात के समय पारा माइनस 20 से माइनस 25 डिग्री तक गिर जाता है।
ऑक्सीजन की कमी, बर्फीली हवाओं और दुर्गम पहाड़ी परिस्थितियों के बावजूद इंजीनियर और मजदूर लगातार निर्माण कार्य में जुटे हुए हैं। नॉर्थ पोर्टल पर दोनों ट्यूबों में करीब 800-800 मीटर खुदाई पूरी हो चुकी है। अब साउथ पोर्टल की ओर से भी निर्माण कार्य के अगले चरण शुरू करने की तैयारी है।
सेना और सीमावर्ती क्षेत्रों को मिलेगा बड़ा फायदा
शिंकुला टनल के बनने से लाहौल और जांस्कर क्षेत्र के बीच संपर्क बेहतर होगा। सबसे बड़ा लाभ सेना को मिलेगा, क्योंकि सर्दियों में भी लेह-लद्दाख और सीमावर्ती इलाकों तक जवानों तथा सैन्य सामान की आवाजाही आसान हो सकेगी।
इसके अलावा मनाली से लेह की दूरी करीब 100 किलोमीटर तक कम होने की संभावना है। टनल बनने से जांस्कर के लोगों को सालभर बेहतर सड़क संपर्क मिलेगा और पर्यटन गतिविधियों को भी बढ़ावा मिल सकता है।
2029 तक पूरा करने का लक्ष्य
निर्माण एजेंसी के अनुसार, कठिन परिस्थितियों के बावजूद दोनों टनलों में काम तेजी से किया जा रहा है। बर्फबारी शुरू होने से पहले अधिक से अधिक निर्माण कार्य पूरा करने का प्रयास है।
शिंकुला टनल पूरी होने के बाद यह क्षेत्र की सामरिक जरूरतों के साथ-साथ पर्यटन और स्थानीय विकास के लिए भी महत्वपूर्ण साबित हो सकती है।
