हिमाचल प्रदेश में मौसम फिर से बिगड़ गया है। येलो अलर्ट के बीच प्रदेश की राजधानी शिमला में आज सुबह से झमाझम बारिश जारी है। अगले तीन घंटों में राज्य में कई स्थानों पर मध्यम बारिश तथा बिलासपुर, हमीरपुर, मंडी, सोलन, सिरमौर, शिमला और कांगड़ा जिलों में एक दो स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा होने की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला की ओर से 23 व 24 अगस्त के लिए भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। जबकि 25 अगस्त के लिए येलो अलर्ट है। राज्य के कई भागों में 28 अगस्त को बारिश का दौर जारी रहने के आसार हैं।

धर, राज्य में मंगलवार सुबह 10:00 बजे तक तीन नेशनल हाईवे और 280 सड़कें यातायात के लिए बंद थीं। मंडी से सबसे अधिक 162 सड़कें ठप हैं। इसके साथ ही 703 बिजली ट्रांसफार्मर और 106 जलापूर्ति योजनाएं बंद चल रही हैं। मंडी जिले में सबसे अधिक बिजली ट्रांसफार्मर व जलापूर्ति योजनाएं बंद हैं।


चट्टानें गिरने से रूपी संपर्क मार्ग ठप, लोग परेशान
वहीं, जिला किन्नौर की रूपी वैली को जोड़ने वाले चौरा-रूपी संपर्क मार्ग पर देर रात पहाड़ी दरक गई। मार्ग बंद होने से हजारों लोगों को आवाजाही करने में परेशानियां झेलनी पड़ रही है। वहीं, रामपुर-ननखड़ी मुख्य मार्ग एक माह बाद भी यातायात के लिए बहाल नहीं हो पाया है। भारी बरसात के चलते मार्ग शरण ढांक में पूरी तरह से क्षतिगस्त हुआ है। 

पंडोह डैम का अस्थायी संपर्क मार्ग बंद
कुल्लू-मंडी नेशनल हाईवे पर पंडोह डैम का अस्थायी लिंक बीती रात से जारी बारिश के कारण बंद हो गया है। इससे करीब 600 वाहन कैंची मोड़ से लेकर जोगनी माता मंदिर तक फंस गए हैं। इसी प्रकार दूसरी तरफ पंडोह, नौ मील तथा चार मील में करीब 700 वाहन कुल्लू जाने के लिए रुके हैं। मंडी पुलिस के अनुसार सड़क खुलने का समय मौसम की अनुकूल स्थिति पर निर्भर करेगा।

10:00 बजे तक कुल्लू से मंडी जाने वाले वाहनों का बजौरा से कमांद की ओर छोड़ा जा रहा है। औट तथा कैंची मोड़, जोगनी माता मंदिर तक फंसे हल्के वाहनों के चालकों को बजौरा से कमांद होते हुए मंडी जाने की सलाह दी गई है।
 
इन जिलों में अचानक बाढ़ का खतरा
हिमाचल प्रदेश में चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला और सिरमौर जिले के कुछ जलक्षेत्रों और आसपास में अगले 24 घंटों के दौरान अचानक बाढ़ का खतरा है। 
 

मानसून सीजन में 227 लोगों  ने गंवाई जान

इस बार मानसून सीजन में 24 जून से 21 अगस्त तक 227 लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी है। जबकि 119 लोगों की सड़क हादसों में मौत हुई है। 331 लोग घायल हुए हैं। राज्य में 2216 घर ढह गए हैं। 9819 घरों को आंशिक नुकसान हुआ है। इसके अलावा 300 दुकानों व 4702 गोशालाओं को नुकसान हुआ है। इस दौरान राज्य में भूस्खलन की 130 और अचानक बाढ़ की 60 घटनाएं सामने आई हैं। राज्य में नुकसान का आंकड़ा  8099.46 करोड़ रुपये से अधिक पहुंच गया है।