हिमाचल प्रदेश में मौसम ने करवट बदली है। रोहतांग दर्रा सहित राज्य की ऊंची चोटियों ने बर्फ की सफेद सादर ओढ़ ली है। वहीं,  राजधानी शिमला सहित प्रदेश के अन्य भागों में बारिश दर्ज की गई। मौसम की करवट से ठंडक बढ़ गई है। बारिश-बर्फबारी से तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है। केलांग में न्यूनतम तापमान गिरकर 1.1 तक पहुंच गया है। कल्पा 5.4, कुफरी 5.5, कुकुमसेरी 3.3, नारकंडा 4.1, मनाली 7.6, डलहौजी 8.7, शिमला में 9.0 व रिकांगपिओ में 8.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।  लाहौल-स्पीति, किन्नौर व चंबा जिले के जनजातीय क्षेत्रों में शीतलहर बढ़ गई है। सोलन जिले के बीबीएन में मंगलवार सुबह तेज हवा चलते से नगर निगम नालागढ़ के पार्क में पेड़ का एक हिस्सा टूट गया। इससे पार्क के बाहर खड़ी चार गाडियां क्षतिग्रस्त हो गईं। ताजा बर्फबारी से सामरिक महत्व का मनाली-लेह मार्ग यातायात के लिए बंद हो गया है।