हिमाचल प्रदेश में महंगाई कांग्रेस सरकार के सत्ता में आने के बाद बढ़ी है। कांग्रेस ने सत्ता में आते ही प्रदेश में आम जनता को राहत देने की बजाय पेट्रोल और डीजल पर दो बार टैक्स बढ़ाया। प्रदेश में भयंकर आपदा के बीच तेल के दाम बढ़ाए गए थे। क्रशर बंद किए गए, जिससे निर्माण सामग्री के दाम भी प्रदेश में बढ़े थे। हमीरपुर जिले के दौरे के दौरान भोटा में केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने सीएम सुक्खू के लोकसभा चुनावों में महंगाई, बेरोजगारी और प्रदेश से केंद्र के सौतले व्यवहार को मुद्दा बनाने के बयान पर यह पलटवार करते हुए यह बात कही

अनुराग ठाकुर ने वीरवार को भोटा के एक निजी होटल में भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ लोकसभा चुनाव को लेकर अहम बैठक की है। इस मौके पर भाजपा जिला अध्यक्ष देशराज शर्मा, पूर्व विधायक बलदेव शर्मा सहित काफी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने 14 जनवरी को शुरू होने वाली राहुल गांधी की यात्रा पर तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस जब सत्ता में रही तो कश्मीरी पंडितों को न्याय दिलाने में पूरी तरह से असफल रही है।

कश्मीरी पंडितों को न्याय दिलाने के बजाय कश्मीर से खदेड़ने का काम कांग्रेस पार्टी ने किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस चुनाव हारने के बाद अब समाज को जाति और संप्रदाय में बांटने का काम कर रही है। विपक्ष के नेताओं को राम मंदिर के शुभारंभ का निमंत्रण नहीं मिलने पर पलटवार करते हुए कहा कि निमंत्रण कमेटी द्वारा सभी लोगों को निमंत्रण भेजे गए हैं। लेकिन विपक्ष के लोग उन निमंत्रणों को अस्वीकार कर रहे हैं।

उन्होंने विपक्ष पर पलटवार करते हुए कहा कि जो लोग राम मंदिर का विरोध जताते थे और मंदिर निर्माण के लिए तारीख पूछते थे। उनको 22 जनवरी की तारीख याद रख लेनी चाहिए। इस दिन मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा के बाद दुनिया भर से करोड़ों लोग दर्शन करने के लिए पहुंचेंगे। अब रामलल्ला टेंट में नहीं मंदिर में रहेंगे।