हिमाचल प्रदेश विधानसभा परिसर में आज राज्यसभा की एक सीट के लिए मतदान हुआ। चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी अभिषेक मनु सिंघवी और भाजपा के उम्मीदवार हर्ष महाजन के बीच मुकाबला है। विधायक आशीष शर्मा ने पहला वोट डाला। वोट डालने के लिए विधायक लाइनों में लगे रहे। प्रदेश में 68 विधायकों में कांग्रेस के 40, भाजपा के 24 और निर्दलीय 3 विधायक हैं। संख्या बल में सत्तारूढ़ दल कांग्रेस विपक्ष में बैठी भाजपा से बहुत आगे हैं। उधर, राज्यसभा सदस्य के लिए क्रॉस वोटिंग होने की चर्चा है। चर्चा है कि नौ विधायकों ने क्रॉस वोटिंग की है। क्रॉस वोटिंग करने वालों में छह कांग्रेस और तीन निर्दलीय बताए जा रहे हैं। इसे लेकर तरह-तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं। कुछ अटकलों में इस आंकड़े को इससे कम भी बताया जा रहा है कि दो या तीन विधायकों ने ही ऐसा किया है। हालांकि, अभी इसकी कोई पुष्टि नहीं कर रहा है।  शाम 5:00 बजे के बाद चुनावी नतीजे आ जाएंगे। उसमें वास्तविक स्थिति साफ होगी।