हिमाचल प्रदेश के कई भागों में चार दिन बारिश-बर्फबारी का पूर्वानुमान है। दो ताजा पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता से मौसम में यह बदलाव आने की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार 10 मार्च को उच्च पर्वतीय कुछ स्थानों पर मौसम खराब रह सकता है।

11 से लेकर 14 मार्च तक ऊंचाई वाले कई भागों में बारिश-बर्फबारी का पूर्वानुमान है। वहीं, निचले व मैदानी क्षेत्रों में बारिश की संभावना है। इस दौरान कुछ क्षेत्रों में अंधड़ व बिजली चमकने का येलो अलर्ट भी जारी हुआ है। 15 मार्च को भी उच्च पर्वतीय कुछ स्थानों पर मौसम खराब बना रह सकता है। 

वहीं, शनिवार सुबह 10: 00 बजे तक राज्य में तीन एनएच व 346 सड़कें यातायात के लिए प्रभावित थीं। वहीं, प्रदेश में अब 365 ट्रांसफार्मर भी बहाल नहीं हो पाए हैं। जल शक्ति विभाग की आठ पेयजल योजनाएं भी प्रभावित चल रही हैं।  मनाली-केलांग सड़क पिछले एक सप्ताह से बंद पड़ी है।

उधर, आज राजधानी शिमला सहित अन्य भागों में मौसम साफ बना हुआ है। धूप खिलने से तापमान में भी इजाफा हुआ है। पिछले 24 घंटों के दौरान अधिकतम तापमान में उल्लेखनीय वृद्धि हुई। औसत अधिकतम तापमान सामान्य रहा है।