हिमाचल प्रदेश के दौरे पर पहुंचीं राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू मंगलवार को राजधानी शिमला के प्रसिद्ध संकटमोचन और तारादेवी मंदिर जाएंगी और पूजा-अर्चना करेंगी। इस दौरान तारादेवी मंदिर परिसर में विशेष भंडारे का आयोजन किया जा रहा है। राष्ट्रपति की अनुमति के बाद उन्हें पंक्ति में बैठाकर या टेबल पर भंडारा परोसने की तैयारी है।   भंडारे में राष्ट्रपति सेपू बड़ी, मीठा बदाणा, मालपुए, राजमा और कढ़ी-चावल समेत दस हिमाचली व्यंजनों का स्वाद चखेंगी। मंदिरों के प्रस्तावित दौरे में राष्ट्रपति मुर्मू सबसे पहले मंगलवार सुबह 11:25 बजे बाबा नीब करौरी की तपस्थली संकटमोचन मंदिर में माथा टेकेंगी।

यहां सबसे पहले षोडश गणेश मंदिर में गणपति को पुष्प अर्पित करेंगी। इसके बाद राम दरबार में पूजा-अर्चना करेंगी। राष्ट्रपति भगवान राम और माता सीता को हलवे का भोग लगाएंगी। इसके साथ ही बजरंगबली की पूजा और आरती होगी। बजरंगबली को सिंदूर चढ़ाने के बाद बदाणे का भोग लगाया जाएगा। दोपहर 12:20 बजे तारादेवी मंदिर पहुंचकर माता तारादेवी के दर्शन करेंगी। मंदिर परिसर में भंडारा ग्रहण करने के बाद दोपहर बाद  2:00 बजे मंदिर से वापस राष्ट्रपति  निवास आएंगी।  संकटमोचन और तारादेवी मंदिर दौरे के दौरान राष्ट्रपति इन मंदिरों के इतिहास से भी रूबरू होंगी। मंदिर प्रशासन राष्ट्रपति को दोनों मंदिरों के इतिहास से अवगत करवाएगा।