हिमाचल प्रदेश में लोकसभा चुनाव व विधानसभा उपचुनाव के लिए नामांकन की प्रक्रिया जारी है। सोमवार को हमीरपुर संसदीय क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी केंद्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने पांचवीं बार अपना नामांकन दाखिल किया। अनुराग ठाकुर शक्ति प्रदर्शन करते हुए डीसी कार्यालय हमीरपुर पहुंचे। नामांकन से पूर्व अनुराग ठाकुर ने कुलदेवी अवाहदेवी मंदिर में पूजा-अर्चना की। उधर, शिमला संसदीय क्षेत्र के भाजपा प्रत्याशी सुरेश कश्यप ने भी नामांकन दाखिल किया। इस दाैरान कश्यप ने शक्ति प्रदर्शन भी किया।

वही, शिमला लोकसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी विनोद सुल्तानपुरी ने भी नामांकन दाखिल किया है। इस दौरान मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह और विधायक कुलदीप सिंह राठौर भी उपस्थित रहे। नामांकन के बाद विनोद सुल्तानपुरी  चाैड़ा मैदान में आयोजित कांग्रेस की रैली में पहुंचे। 

जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति विधानसभा से पूर्व मंत्री डाॅ. राम लाल मारकंडा ने बताैर निर्दलीय प्रत्याशी अपना नामांकन भरा है। उन्होंने सोमवार सुबह केलांग में एसडीएम कार्यालय में पर्चा दाखिल किया है। डाॅ.  मारकंडा के चुनावी मैदान में उतरने से लाहौल-स्पीति उपचुनाव रोचक व तिकोना हो गया है। वहीं केहर सिंह ने बतौर निर्दलीय प्रत्याशी कांगड़ा-चंबा लोकसभा सीट से नामांकन भरा है