हिमाचल प्रदेश के कई मैदानी जिलों में भीषण गर्मी से लोगों का घरों से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। माैसम विज्ञान केंद्र शिमला की ओर से आज 10 जिलों में लू (हीटवेव) चलने का अलर्ट जारी किया गया है।  चटक धूप खिलने से शिमला में भी गर्मी बेहाल करने लगी है। आज प्रदेश के अधिकतर भागों में धूप खिली है।

आज ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला, सोलन व सिरमाैर में हीटवेव चलने का येलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं अगले 24 घंटों के दाैरान सिरमौर, बिलासपुर, हमीरपुर, कांगड़ा, सोलन, ऊना, शिमला में एक–दो स्थानों पर लू चलने की संभावना जताई गई है।

शुक्रवार को प्रदेश में चार जगह 40 और 10 जगह अधिकतम तापमान 35 डिग्री से अधिक हुआ था। वर्ष 2022 के बाद ऊना, धर्मशाला, शिमला और मनाली में शुक्रवार को सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान दर्ज हुआ। ऊना और हमीरपुर के नेरी में अधिकतम तापमान 43 और बिलासपुर व धौलाकुआं में 41 डिग्री से अधिक रहा। विभाग के अलर्ट को देखते हुए आज तापमान 43 डिग्री के पार जा सकता है।